IND vs SA: भारत-साउथ अफ्रीका के बीच पहला टी-20 आज, पिछली बार इस मैदान पर किसे मिली थी जीत?
IND vs SA 1st T20: टेस्ट सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम ने वनडे में शानदार वापसी की। भारतीय टीम वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया है। अब टीम इंडिया का पूरा ध्यान मंगलवार 9 दिसंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज पर है। सीरीज का पहला मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसके लिए भारतीय टीम ने पूरी तैयारी कर ली है।
पिछली बार दोनों टीमों में यहां किसे मिली थी जीत (IND vs SA 1st T20)
हालांकि, इस मैदान का रिकॉर्ड भारत के लिए चिंता का विषय रहा है। बाराबती स्टेडियम में अभी तक केवल तीन अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच खेले गए हैं। इन तीन मैचों में से दो मुकाबले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए हैं और दोनों में ही मेहमान टीम हावी रही है। अफ्रीकी टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए ये दोनों मैच जीते हैं। साल 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से हराया था।

मैदान का ऐसा रहा है रिकॉर्ड
इसके बाद साल 2022 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 4 विकेट से हराया। इस मैदान पर भारत को एकमात्र टी-20 जीत साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ मिली थी, जहां टीम इंडिया ने 93 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। कटक में खेले गए सभी तीन टी-20 मैचों में टॉस जीतने वाली टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इन तीन में से दो मैच बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। इस मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में अब तक का उच्चतम स्कोर 180 रन रहा है।
पिच रिपोर्ट बताती है कि यह पिच गेंदबाजों को मदद देती है और यहां बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल होता है। खासकर स्पिनर इस मैदान पर बेहद प्रभावी साबित होते हैं। तेज गेंदबाज भी पिच की असामान्य उछाल का फायदा उठाकर विकेट लेने में सफल हो सकते हैं।
संभावित प्लेइंग 11 (Probable Playing 11)
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, और वरुण चक्रवर्ती।
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्कराम (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, डोनोवन फरेरा, केशव महाराज, एनरिक नॉर्टजे।












Click it and Unblock the Notifications