IND vs PAK: पाकिस्तान के साथ मैच खेलने के पीछे क्या है मजबूरी? पूर्व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का आया बड़ा बयान
India-Pakistan match in Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले किक्रेट मैच को लेकर सियासत गरमा गई है। विपक्षी पार्टियां जहां इस मैच के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया है। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों पर 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाने के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों और प्रशंसकों ने इस मैच के बहिष्कार की मांग कर रहे हैं।
सोशल ममीडिया पर भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी ने इस मैच का विरोध करते हुए सड़कों पर आंदोलन शुरू कर दिया है। आम आदमी पार्टी के मुखिया और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल समेत अन्य नेताओं ने इस मैच को लेकर सीधे पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। इतने विरोध के बावजूद आखिर ये मैच भारत के लिए खेलना क्यों जरूरी है? पूर्व खेल मंत्री और बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने इसकी वजह बताई है।

पाकिस्तान के साथ मैच खेलने के पीछे क्या है मजबूरी?
अनुराग ठाकुर ने बताया कि एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में ऐसे मुकाबलों से बचा नहीं जा सकता। यदि कोई देश ऐसे टूर्नामेंट में खेलने से मना करता है, तो उसे प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ सकता है या उसे अंक गंवाने पड़ सकते हैं।
अगर भारत नहीं खेलता पाक के साथ मैच तो क्या होगा?
अनुराग ठाकुर ने न्यूज एजेंसी ANI द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में बताया, "जब एसीसी या आईसीसी के टूर्नामेंट होते हैं, तो देशों के लिए खेलना अनिवार्य हो जाता है। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ेगा या मैच छोड़ना पड़ेगा और अंक दूसरी टीम को मिल जाएंगे।" उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत, पाकिस्तान के साथ कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलता है।
भारत ने वर्षो पहले लिया था ये फैसला
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज 2012-13 में हुई थी। इसके बाद से दोनों टीमें केवल एशिया कप, वनडे वर्ल्ड कप और टी20 वर्ल्ड कप जैसे Global और Continental टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आई हैं। भारत ने यह फैसला वर्षों पहले लिया था कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद बंद नहीं करता, तब तक द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं खेला जाएगा।
भारत-पाकिस्तान मैच पर हरभजन ने क्या कहा?
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई लोगों ने पाकिस्तान के साथ खेलने और व्यापार न करने की मांग की थी। हरभजन ने उदाहरण दिया कि वे 'वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स' में पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेले थे। हरभजन ने आगे कहा कि व्यक्तिगत रूप से वे पाकिस्तान के साथ खेल या व्यापारिक संबंधों के पक्ष में नहीं हैं। हालांकि, बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की बात आने पर वे सरकार की नीति का सम्मान करते हैं।
इस विवाद के बावजूद, एशिया कप में भारत-पाकिस्तान का यह मैच तय है। दोनों टीमें जीत के साथ टूर्नामेंट में उतरी हैं, जिससे यह मुकाबला सुपर फोर में जगह बनाने के लिए महत्वपूर्ण हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications