IND vs PAK: मजाक बना रखा है क्या? पाकिस्तान के यू-टर्न पर भड़कीं प्रियंका चतुर्वेदी, जमकर सुनाई खरी-खोटी
IND vs PAK T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले को लेकर खेल गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान द्वारा मैच के बहिष्कार की धमकी वापस लेने और खेलने के लिए राजी होने के फैसले पर शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मंगलवार को दिए अपने बयान में उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को मजाक करार देते हुए पाकिस्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) दोनों पर निशाना साधा।
सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का फूटा गुस्सा (IND vs PAK T20 World Cup 2026)
सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पाकिस्तान के बदलते रुख पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस तरह से पहले बहिष्कार की घोषणा की गई और अब 'यू-टर्न' लिया गया है, वह समझ से परे है। उन्होंने कहा कि यह किस तरह का मजाक है? हमारा देश देख रहा है और इंतजार कर रहा है कि पाकिस्तान क्या फैसला लेगा। यदि उनमें थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें स्पष्ट कहना चाहिए कि वे यह मैच नहीं खेलना चाहते।

BCCI की चुप्पी पर उठाया सवाल
चतुर्वेदी ने कहा कि पाकिस्तान का पीछे हटना खेल भावना से ज्यादा वित्तीय मजबूरियों से प्रेरित हो सकता है। जानकारों का भी मानना है कि ICC के कड़े नियमों और टूर्नामेंट से हटने पर लगने वाले भारी जुर्माने के डर से पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को कोलंबो में खेलने की अनुमति दी है। प्रियंका चतुर्वेदी का हमला सिर्फ पाकिस्तान तक सीमित नहीं रहा, उन्होंने BCCI की चुप्पी और स्टैंड पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के लिए मुनाफा देश की भावनाओं से ऊपर नजर आ रहा है। सांसद ने तर्क दिया कि BCCI को बहुत पहले ही यह स्पष्ट कर देना चाहिए था कि भारत पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलेगा। उन्होंने सवाल किया कि भारतीय बोर्ड ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अख्तियार क्यों नहीं किया।
ऐसे हुई थी विवाद की शुरुआत
विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब पाकिस्तान ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को टूर्नामेंट के शेड्यूल से बाहर रखे जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की धमकी दी थी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के हस्तक्षेप और द्विपक्षीय वार्ताओं के बाद, पाकिस्तान सरकार ने अपना फैसला पलटते हुए टीम को 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेलने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications