'मेरे खून में बिहार है', पाकिस्तान को सामने देखते ही खौलता है खून? ईशान किशन का पुराना वीडियो वायरल
IND VS PAK T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईशान किशन जीत के हीरो रहे। ईशान किशन की 77 रनों की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में मात दी। इस जीत के साथ ही भारत ने 'सुपर-8' में भी अपनी जगह पक्की कर ली।
ईशान किशन ने खेली 77 रनों की पारी (IND VS PAK T20 World Cup)
इस शानदार प्रदर्शन के बाद ईशान का एक पुराना वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मिलने वाली अपनी मोटिवेशन का जिक्र किया है। कोलंबो की धीमी पिच पर जहां अन्य बल्लेबाजों को संघर्ष करते देखा गया, वहां ईशान किशन अलग ही लय में नजर आए। किशन ने महज 40 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 77 रन बनाए।

ईशान किशन की धमाकेदार बल्लेबाजी
ईशान किशन की पारी के प्रभाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब ईशान आउट हुए, तब टीम इंडिया का कुल स्कोर 88 रन था। जिसमें से 77 रन अकेले उनके बल्ले से निकले थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। वह फिलहाल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
पुराना वीडियो हो रहा वायरल
मैच के बाद सोशल मीडिया पर ईशान का '2 स्लोगर्स' पॉडकास्ट का एक पुराना हिस्सा वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने एशिया कप 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई अपनी 82 रनों की पारी को याद करते हुए कहा था कि पाकिस्तान के खिलाफ मेरे अंदर बहुत ज्यादा मोटिवेशन होता है। कभी-कभी मुझे लगता है कि यह सिर्फ क्रिकेट के बारे में नहीं है कि जाना है और रन करना है। मैं उतना 'गुड बॉय' बनकर नहीं रह सकता। मेरे अंदर गुस्सा आता है कि भाई, इनको तो शिकस्त देनी ही है, चाहे जो हो जाए। आखिर वो अंदर का जज्बा कहां निकलेगा? मेरे खून में बिहार है।












Click it and Unblock the Notifications