IND vs PAK: पाकिस्तान ने लिया वर्ल्ड कप में हार का बदला, एशिया कप में भारत को बुरी तरह हराया
India vs Pakistan U-19 Asia Cup: अंडर 19 एशिया कप में चिर प्रतिद्वन्द्वी पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान ने भारत को 8 विकेट के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। दुबई के आईसीसी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर यह मुकाबला खेला गया था।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और भारतीय ओपनर बल्लेबाज अर्शीन कुलकर्णी को 24 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। रूद्र पटेल आते ही 1 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। दूसरे ओपनर बल्लेबाज आदर्श सिंह और कप्तान उदय सहारण ने मामला संभाला।

आदर्श और उदय के बीच 90 रनों की बड़ी भागीदारी हुई। इस बीच आदर्श 62 रन बनाकर आउट हो गए। यहाँ से एक बार फिर विकेट गिरना शुरू हो गए। कप्तान उदय सहारण 60 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। उनके बाद निचले क्रम से सचिन दास ने तेज बैटिंग की।
सचिन दास ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 42 गेंदों का सामना कर 58 रन बनाये। इस तरह टीम इंडिया का स्कोर 9 विकेट पर 259 रनों के स्कोर तक पहुँच पाया। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद जीशान ने 4 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा आमिर हसन और उबैद शाह को 2-2 विकेट मिले।
जवाबी पारी में खेलते हुए पाकिस्तान ने शमायल हुसैन का विकेट गंवाया। वह 8 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। यहाँ से शाहजेब खान और अजान अवैस ने मिलकर एक शतकीय भागीदारी की। शाहजेब खान फिफ्टी जड़ने के बाद 63 के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने।
अजान अवैस ने एक छोर संभालकर रखा और उनको साद बैग का अच्छा साथ मिला। दोनों ने मिलकर फिर से भारतीय गेंदबाजों को तरसाया और शतकीय भागीदारी की। अजान अवैस ने शतक जड़ा और नाबाद 105 रनों की पारी खेली। साद बैग ने 51 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाकर पाकिस्तान का स्कोर 2 विकेट पर 263 तक पहुंचा दिया और टीम को जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications