IND vs PAK: भारत का मैच बॉयकॉट कर पाकिस्तान ने मारी अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी, सुपर-8 से पहले ही हो जाएगी बाहर?
IND vs PAK, Colombo News: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए आगे की राह बेहद मुश्किल नजर आ रही है। सलमान आगा की कप्तानी वाली इस टीम के सामने विपक्षी टीमों की कड़ी चुनौती है। इसके साथ ही भारत के खिलाफ नहीं खेलने का उनका फैसला नुकसानदायक साबित हो सकता है। श्रीलंका का मौसम उनके सुपर-8 में पहुंचने के अरमानों पर पानी फेर सकता है।
पाकिस्तान सरकार ने किया नहीं खेलने का फैसला (IND vs PAK, Colombo News)
पाकिस्तान सरकार ने 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। आईसीसी के नियमों (क्लॉज 16.10.7) के अनुसार, यदि कोई टीम मैच का वॉकआउट या बहिष्कार करती है, तो इसे 'फोरफीट' माना जाता है। इसका सीधा अर्थ यह है कि भारत को दो अंक दे दिए जाएंगे और पाकिस्तान के नेट रन रेट (NRR) पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

पाकिस्तान को दोहरा झटका
नियमों के मुताबिक पाकिस्तान को ऐसा माना जाएगा जैसे उन्होंने पूरे 20 ओवर खेले लेकिन एक भी रन नहीं बनाया। किसी भी बड़े टूर्नामेंट में इस तरह का नकारात्मक रन रेट टीम को तालिका में सबसे नीचे धकेलने के लिए काफी है। पाकिस्तान के लिए चिंता का दूसरा बड़ा कारण श्रीलंका का मौसम है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार नीदरलैंड के खिलाफ 7 फरवरी को होने वाले मैच के दौरान बारिश की 64% संभावना है।
पिछली बार अमेरिका से मिली थी हार
बारिश के कारण यदि यह मैच धुला तो पाकिस्तान को एक अंक से संतोष करना होगा, जो उनके लिए बड़ा नुकसान होगा। वहीं 10 फरवरी को पाकिस्तान और अमेरिका) के बीच मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है। लेकिन पिछले वर्ल्ड कप में डलास में अमेरिका से मिली हार का मनोवैज्ञानिक दबाव टीम पर रहेगा। 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में बारिश की संभावना केवल 25% है, यानी मैच पूरे होने की उम्मीद है।
आसान नहीं सुपर-8 की डगर
अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच छोड़ता है तो उसे बाकी तीनों मैचों में न केवल बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि यह भी दुआ करनी होगी कि कोई भी मैच बारिश की भेंट न चढ़े। नीदरलैंड के खिलाफ संभावित बारिश और भारत वाले मैच से अंक गंवाने के बाद पाकिस्तान के पास अधिकतम 5 अंक ही बचेंगे। टी20 वर्ल्ड कप जैसे कड़े टूर्नामेंट में इतने कम अंकों और खराब रन रेट के साथ क्वालीफाई करना लगभग असंभव है।












Click it and Unblock the Notifications