IND vs NZ: रिंकू सिंह ने एक साथ तोड़ा 14 खिलाड़ियों का रिकॉर्ड, हुआ कुछ ऐसा जो पहले कभी नहीं हुआ
IND vs NZ Rinku Singh: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार यानी 28 जनवरी को खेले गए चौथे टी-20 मैच में एक अनोखा रिकॉर्ड बन गया। इस रिकॉर्ड को बनाने में बल्ले या गेंद की नहीं बल्कि हाथों की मुस्तैदी की भूमिका रही। भारतीय टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह (Rinku Singh) ने विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में चार शानदार कैच लपककर एक नया इतिहास रच दिया है।
14 खिलाड़ियों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा (IND vs NZ Rinku Singh)
रिंकू सिंह अब भारतीय सरजमीं पर किसी एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में चार कैच लेने वाले पहले गैर-विकेटकीपर खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले भारत में 14 अलग-अलग खिलाड़ियों ने 15 बार एक पारी में तीन कैच लेने का कारनामा किया था। इन खिलाड़ियों में हार्दिक पांड्या (दो बार), विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े नाम शामिल थे। रिंकू ने इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए इस 'टाई' को तोड़ दिया और टॉप पर अपना नाम दर्ज कराया।

रिंकू सिंह ने की जबरदस्त फील्डिंग
न्यूजीलैंड की टीम जब बल्लेबाजी करते हुए 215 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर रही थी, तब रिंकू सिंह ने बाउंड्री लाइन पर स्कोर को और अधिक बढ़ने से रोकने का काम किया। उन्होंने डेवोन कॉनवे, टिम सीफर्ट, ग्लेन फिलिप्स और जाकरी फॉल्क्स जैसे प्रमुख बल्लेबाजों के कैच पकड़े। उनकी इस मुस्तैदी के कारण ही भारत अहम मौकों पर कीवी टीम के बड़े विकेट निकालने में सफल रहा।
ऐसा करने वाले बने दूसरे भारतीय खिलाड़ी
रिंकू सिंह एक पारी में चार कैच लेने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले साल 2014 में बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ अजिंक्य रहाणे ने यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ चार कैच लेने वाले वे दुनिया के दूसरे गैर-विकेटकीपर हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के सायम अयूब (ऑकलैंड, 2024) ने यह कमाल किया था।












Click it and Unblock the Notifications