IND vs NZ: स्टूडेंट्स के लिए बजट फ्रेंडली क्रिकेट! इंदौर वनडे के टिकटों पर बंपर डिस्काउंट, कैसे खरीदें
IND vs NZ Ticket Price: नए साल 2026 में टीम इंडिया इंदौर के ऐतिहासिक होलकर स्टेडियम में खेलने वाली है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जनवरी को होने वाले तीसरे वनडे मुकाबले को लेकर मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिसने छात्रों और विशेष रूप से सक्षम (दिव्यांग) फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।
युवाओं और दिव्यांग दर्शकों के लिए स्टेडियम में खास रियायत और सीटों का कोटा तय किया गया है, ताकि वे इस हाई-वोल्टेज मैच का आनंद बिना किसी परेशानी के ले सकें। इन दोनों कैटेगरी के लिए टिकट प्राइस काफी कम किये गए हैं। टिकट डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो एप और वेबसाईट पर पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।

सिर्फ ऑनलाइन मिलेंगे टिकट, लंबी कतारों से आजादी
एमपी क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि सीरीज के इस आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण डे-नाइट वनडे के लिए टिकटों की बिक्री पूरी तरह से ऑनलाइन की जाएगी। अब फैंस को स्टेडियम के बाहर घंटों लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा, बोर्ड ने युवाओं और छात्रों के लिए 'स्पेशल टिकटिंग' मुहिम शुरू की है। इसके तहत छात्रों को रियायती दरों पर टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे, जो उनकी पॉकेट मनी के बजट में फिट बैठेंगे।
कितने रुपये में मिलने वाला है टिकट, कैसे करें बुक
इंदौर वनडे के लिए रियायती टिकट पाने की प्रक्रिया को दो चरणों में बांटा गया है। सबसे पहले, छात्रों को आधिकारिक टिकटिंग पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा, जहाँ उन्हें अपने संस्थान का वैध पहचान पत्र (ID Card) या हालिया शैक्षणिक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
एमपी क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) द्वारा इन दस्तावेजों की जांच की जाएगी और सफल आवेदकों को ईमेल या व्हाट्सएप के जरिए भुगतान का लिंक भेजा जाएगा। ध्यान रहे कि रजिस्ट्रेशन की खिड़की 31 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे खुलेगी और 1 जनवरी 2026 को शाम 5 बजे तक (या कोटा खत्म होने तक) सक्रिय रहेगी।
एमपी क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी ईस्ट स्टैंड के लोअर और सेकंड फ्लोर को छात्र रियायती टिकटों (Student Concession) के लिए सुरक्षित रखा है। कीमतों की बात करें तो टैक्स सहित ईस्ट स्टैंड (लोअर) का टिकट 750 रुपये में मिलेगा, जबकि ईस्ट स्टैंड (सेकंड फ्लोर) के लिए छात्रों को 950 रुपये खर्च करने होंगे। हालांकि, यह सुविधा सीमित सीटों के लिए ही उपलब्ध है और प्रति छात्र केवल एक ही टिकट खरीदने की अनुमति दी गई है।
दिव्यांग दर्शकों के लिए टिकट दरें
समावेशी क्रिकेट को बढ़ावा देते हुए MPCA ने दिव्यांग दर्शकों के लिए भी इसी तरह की पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। दिव्यांग श्रेणी के टिकट नॉर्थ-ईस्ट गैलरी के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिसकी कीमत मात्र 300 रुपये रखी गई है। आवेदन के दौरान सरकार द्वारा जारी वैध दिव्यांगता प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। नियम के अनुसार, प्रत्येक योग्य दर्शक केवल एक ही टिकट खरीद सकेगा। इसके अलावा, जो प्रशंसक व्हीलचेयर का उपयोग करते हैं, उन्हें मैच के दिन अपनी व्यवस्था स्वयं करने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications