T20 Winners Prize Money: ट्रॉफी के साथ भारतीय टीम पर हुई करोड़ों की बारिश, हारकर भी मालामाल हुई न्यूजीलैंड
IND vs NZ Final T20 World Cup 2026 Prize Money: टीम इंडिया ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इतिहास के पन्नों को फिर से अपना नाम लिख दिया है। न्यूज़ीलैंड को एकतरफा मुकाबले में हराकर भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत अब दुनिया की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने तीन बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया है और साथ ही अपने खिताब को सफलतापूर्वक डिफेंड भी किया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय टीम पर इनामों की भारी बारिश होने वाली है।
भारत ने बनाए थे 255 रन (IND vs NZ Final T20 World Cup 2026 Prize Money)
फाइनल मुकाबले में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा। संजू सैमसन (89 रन) और अभिषेक शर्मा (52 रन) ने 98 रनों की तूफानी ओपनिंग पार्टनरशिप की। ईशान किशन ने भी 54 रनों का अहम योगदान दिया। अंत में शिवम दुबे ने मात्र 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर 250 के पार पहुंचाया।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का नहीं चला जादू
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम भारतीय आक्रमण के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। अक्षर पटेल ने पावरप्ले में ही दो बड़े विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह ने अपनी पहली ही गेंद पर रचिन रवींद्र को आउट कर न्यूज़ीलैंड की कमर तोड़ दी। बड़े लक्ष्य के दबाव में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बुरी तरह बिखर गए।
जीत के साथ ही भारतीय टीम पर करोड़ों की बारिश
आईसीसी ने 2026 वर्ल्ड कप के लिए इनामी राशि में 20 प्रतिशत का बड़ा इजाफा किया है। टीम इंडिया को आईसीसी की ओर से बतौर इनाम 30 लाख डॉलर (लगभग 27.30 करोड़ रुपये) मिलेंगे। साल 2024 में खिताब जीतने पर भारत को 22.30 करोड़ रुपये मिले थे, यानी इस बार प्राइज मनी में सीधे 5 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। रनर-अप रहने वाली कीवी टीम को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 14.56 करोड़ रुपये) से संतोष करना होगा।
बीसीसीआई से बोनस की उम्मीद
आईसीसी की प्राइज मनी के अलावा सबकी नजरें बीसीसीआई पर टिकी हैं। साल 2024 की जीत के बाद बोर्ड ने टीम के लिए 125 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बोनस का ऐलान किया था। क्रिकेट गलियारों में चर्चा है कि इस बार की जीत के बाद यह बोनस राशि और भी बड़ी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications