IND vs NZ: विराट कोहली के नाम अनोखा रिकॉर्ड, इंदौर वनडे में भारत के नाम शर्मनाक कीर्तिमान
IND vs NZ: इंदौर में खेले गए निर्णायक वनडे मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 41 रनों से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इसके साथ ही कीवी टीम ने भारतीय सरज़मीं पर इतिहास रच दिया। यह 1988 के बाद आठवें प्रयास में भारत में न्यूजीलैंड की पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत है, जिसने इस दौरे को यादगार बना दिया।
इस हार के साथ भारत का इंदौर में अजेय रिकॉर्ड भी टूट गया। इससे पहले भारत ने इस मैदान पर खेले गए लगातार सात वनडे मैच जीते थे, लेकिन अब पहली बार यहां हार का सामना करना पड़ा। दिलचस्प बात यह भी रही कि इंदौर में अब तक खेले गए 8 वनडे मैचों में से 6 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम विजेता रही है।

टॉस के बाद भारत के घरेलू वनडे रिकॉर्ड में भी बड़ा ब्रेक लगा। अक्टूबर 2022 के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब भारत ने टॉस जीतने के बावजूद घरेलू वनडे मैच गंवाया। इससे पहले टीम इंडिया ने लगातार 13 घरेलू वनडे मुकाबले जीत रखे थे, जो इस मैच में आकर टूट गया।
IND vs NZ: Virat Kohli की बड़ी उपलब्धि
व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स की बात करें तो विराट कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। न्यूजीलैंड के खिलाफ सभी फॉर्मेट मिलाकर उनके अब 10 शतक हो चुके हैं, जिससे वह इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उन्होंने जैक कैलिस, जो रूट और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा।
एक वेन्यू पर Virat Kohli के सर्वाधिक शतक (IND vs NZ)
इसके अलावा विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैदानों पर शतक लगाने के मामले में भी अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। कोहली अब 35 अलग-अलग वेन्यू पर वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में उनके बाद सचिन तेंदुलकर (34), रोहित शर्मा (26), रिकी पोंटिंग, हाशिम अमला और एबी डिविलियर्स (21-21) हैं।
2016 से ऑस्ट्रेलिया के अलावा भारत ने पहली बार किसी अन्य टीम के खिलाफ सीरीज हारी है। कुल मिलाकर इंदौर वनडे सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि रिकॉर्ड्स और इतिहास से भरा मुकाबला बन गया, जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत की धरती पर नया अध्याय लिख दिया।












Click it and Unblock the Notifications