IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच आज, जीतने वाली टीम सीरीज करेगी अपने नाम, किसका पलड़ा भारी
IND vs NZ 3rd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाली वनडे सीरीज अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी है। रविवार यानी 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला तीसरा और निर्णायक मुकाबला सीरीज का विजेता तय करेगा। मौजूदा समय में सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, जिससे इंदौर का यह फाइनल मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
कप्तान गिल से बड़ी पारी की उम्मीद (IND vs NZ 3rd ODI)
भारतीय टीम ने वडोदरा में हुए पहले मैच में शानदार जीत दर्ज कर दबदबा बनाया था। लेकिन राजकोट में टीम की लय बिगड़ गई। टीम इंडिया की सबसे बड़ी मजबूती उनकी बल्लेबाजी है। कप्तान शुभमन गिल जबरदस्त फॉर्म में हैं और इस सीरीज में अब तक दो अर्धशतक जड़ चुके हैं। इंदौर के मैदान पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि गिल इस बार अपने अर्धशतक को बड़े शतक में बदलकर टीम की जीत सुनिश्चित करेंगे।

गेंदबाजी में करना होगा सुधार
हालांकि, भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय उनकी गेंदबाजी है। राजकोट में गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए थे, जिसकी वजह से इंदौर में कम से कम एक बदलाव की संभावना जताई जा रही है। भारत चाहेगा कि उनके गेंदबाज पावरप्ले और डेथ ओवरों में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर लगाम कसें। शुरुआती हार के बाद कीवी टीम ने जबरदस्त वापसी की है।
डेरिल मिचेल और काइल जैमीसन बन सकते हैं खतरा
पिछले मैच में डेरिल मिचेल के शानदार शतक ने न्यूजीलैंड को वापसी कराई। कप्तान मिचेल ब्रेसवेल की कप्तानी में टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। गेंदबाजी में काइल जैमीसन भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा बने हुए हैं। अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए वे इंदौर की उछाल भरी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। जैमीसन इस सीरीज में अब तक 5 विकेट ले चुके हैं।
भारत का रिकॉर्ड रहा है दमदार
होल्कर स्टेडियम अपनी छोटी बाउंड्री और सपाट पिच के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इतिहास पर नजर डाले तो यहां भारत का रिकॉर्ड बेदाग रहा है। वनडे फॉर्मेट में भारत यहां आज तक एक भी मैच नहीं हारा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 122 मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 63 और न्यूजीलैंड ने 51 जीते हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना यहां फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि खेल आगे बढ़ने के साथ पिच थोड़ी धीमी हो जाती है, जिससे बड़े स्कोर का पीछा करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications