IND vs NED: अभिषेक शर्मा ने बनाया क्रिकेट इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड, क्या टीम से हो जाएगी छुट्टी?
IND vs NED T20 World Cup 2026 Abhishek Sharma: बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स के खिलाफ अभिषेक शर्मा फिर फ्लॉप साबित हुए। टी20 वर्ल्ड कप के भारत के अंतिम लीग मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया है, जिसे कोई भी खिलाड़ी कभी याद नहीं रखना चाहेगा।
आर्यन दत्त ने अभिषेक को किया बोल्ड (IND vs NED T20 World Cup 2026 Abhishek Sharma)
नीदरलैंड्स के ऑफ-स्पिनर आर्यन दत्त ने अभिषेक को पारी की तीसरी ही गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके साथ ही अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपने शुरुआती तीनों मैचों में 'डक' (शून्य) पर आउट होने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक शर्मा ने 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ 'गोल्डन डक' के साथ अपना वर्ल्ड कप डेब्यू किया था।

बनाया सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
इसके बाद पेट में संक्रमण के कारण वे नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल सके। इसके बाद 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ वापसी करते हुए वे फिर से 4 गेंदों पर शून्य पर आउट हुए। अब नीदरलैंड्स के खिलाफ तीसरी विफलता ने उन्हें बांग्लादेश के इमरुल कायेस (दो मैचों में दो डक, 2010) से भी आगे खड़ा कर दिया है। हालांकि, पूर्व भारतीय गेंदबाज आशीष नेहरा के नाम भी टी20 वर्ल्ड कप में तीन डक दर्ज हैं, लेकिन वे तीन अलग-अलग संस्करणों (2010 से 2016 के बीच) में आए थे।
इस मामले में कर ली संजू की बराबरी
अभिषेक ने यह अनचाही उपलब्धि अपने पहले ही वर्ल्ड कप के शुरुआती तीन मैचों में हासिल की है। अभिषेक शर्मा के लिए साल 2026 अब तक बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा है। एक तरफ जहां वे आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हैं, वहीं दूसरी ओर उनके नाम शून्यों की संख्या बढ़ती जा रही है। साल 2026 में खेले गए अपने 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह उनका 5वां डक है। इसके साथ ही उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में भारत के लिए सर्वाधिक डक बनाने के संजू सैमसन (2024 में 5 डक) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
क्या हो जाएगी टीम से छुट्टी?
एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी20आई डक का विश्व रिकॉर्ड फिलहाल पाकिस्तान के सैम अयूब (2025 में 7 डक) के नाम है। अभिषेक जिस गति से खेल रहे हैं, वे इस रिकॉर्ड के करीब पहुंचते दिख रहे हैं, जो भारतीय टीम प्रबंधन के लिए गहरी चिंता का विषय है। सोशल मीडिया पर कुछ फैंस का ये भी मानना है कि आने वाले मैचों में अभिषेक की जगह वापस संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications