IND vs NAM: ईशान किशन ने रचा इतिहास, धोनी भी नहीं कर पाए जो कमाल वो कर दिखाया
IND vs NAM T20 World Cup 2026 Ishan Kishan: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में गुरुवार को नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। यह रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों के लिए भी अब तक एक अधूरा सपना थी। ईशान किशन अब टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्धशतक जड़ने वाले भारत के पहले विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए हैं।
धोनी नहीं कर पाए थे ये कमाल (IND vs NAM T20 World Cup 2026 Ishan Kishan)
हैरान करने वाली बात यह है कि महान महेंद्र सिंह धोनी, ऋषभ पंत और दिनेश कार्तिक जैसे नामचीन खिलाड़ी भी आईसीसी के इस सबसे छोटे फॉर्मेट के महाकुंभ में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाए थे। महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2007 से 2016 के बीच कुल छह टी20 वर्ल्ड कप खेले और हर मैच में कप्तानी के साथ-साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाली।

ईशान किशन ने खत्म किया सूखा
इन 9 सालों के दौरान धोनी का सर्वोच्च स्कोर 45 रन रहा, जो उन्होंने 2007 के वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। उनके बाद ऋषभ पंत (2021, 2024) और दिनेश कार्तिक (2022) को भी बतौर मुख्य विकेटकीपर कई मौके मिले। लेकिन कोई भी 50 रन के आंकड़े को छू नहीं सका। ईशान किशन ने अपने महज दूसरे टी20 वर्ल्ड कप मैच में ही इस सूखे को खत्म कर दिया।
नामीबिया के खिलाफ 'पावरप्ले' में तबाही
ईशान किशन ने नामीबिया के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने मात्र 24 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 6 चौके शामिल थे। 254.17 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 20 गेंदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली थी। ईशान और संजू सैमसन (8 गेंद में 22 रन) की तूफानी बल्लेबाजी का ही नतीजा था कि भारत ने केवल 6.5 ओवर में 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज टीम शतक भी है।
ईशान किशन के लिए यह वर्ल्ड कप किसी सुखद सपने से कम नहीं है। लगभग दो साल तक टीम से बाहर रहने के बाद घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम में वापसी की। शुरुआत में उन्हें दूसरे विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होते ही उन्होंने संजू सैमसन को पछाड़कर प्लेइंग इलेवन में बतौर मुख्य विकेटकीपर अपनी जगह पक्की कर ली।












Click it and Unblock the Notifications