IND vs ENG: रोहित शर्मा ओपनिंग करना छोड़ देंगे? पूर्व दिग्गज ने अगले टेस्ट में इस नंबर पर खेलने को कहा
IND vs ENG, Wasim Jaffer: हैदराबाद टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम की करीबी हार के बाद सवाल उठ रहे हैं। टीम इंडिया के प्रदर्शन से लेकर कॉम्बिनेशन तक में सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बीच रोहित शर्मा को भी बल्लेबाजी स्लॉट के लिए एक अहम सलाह मिली है। उनको बतौर ओपनर नहीं खेलने के लिए कहा गया है।
रोहित शर्मा हैदराबाद टेस्ट मैच की पहली पारी में फ्लॉप रहे लेकिन दूसरी पारी में 39 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए थे। उनके बाद पूरी टीम एक के बाद एक कर आउट होती चली गई और इंग्लैंड ने मुकाबला जीत लिया। वसीम जाफर ने रोहित शर्मा को बल्लेबाजी के लिए सलाह दी है।

सोशल मीडिया पर जाफर ने लिखा "मेरी राय में गिल और जयसवाल को ओपनिंग करनी चाहिए और रोहित को दूसरे टेस्ट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। अपनी बारी के लिए बल्लेबाजी करने का इंतजार करने से शुभमन को मदद नहीं मिल रही है, बेहतर होगा कि वह पारी की शुरुआत करें। रोहित स्पिन को बहुत अच्छा खेलते हैं, इसलिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने से उन्हें ज्यादा चिंता नहीं होनी चाहिए।"
नम्बर तीन पर शिफ्ट होने के बाद गिल के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है। पोजीशन बदलने के बाद से गिल पिछले पांच टेस्ट मैचों में एक भी फिफ्टी नहीं जड़ पाए। वह लगभग 30 के औसत से ही रन बना पाए हैं और 21 टेस्ट मुकाबले खेल चुके हैं।
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने भी गिल की बल्लेबाजी का विश्लेषण किया। उन्होंने कहा कि पहली पारी के दौरान गिल बल्लेबाजी के दौरान स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहे थे। इस वजह से उनके ऊपर दबाव बन गया और वह आउट हो गए। वह स्कोरबोर्ड चला नहीं पाए इसलिए बड़ा शॉट खेलने के लिए चले गए।
गौरतलब है कि पहली पारी में 23 रन बनाकर आउट होने वाले गिल दूसरी पारी में बुरी तरह फ्लॉप हो गए। वह अपना खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए और भारतीय टीम मुश्किल में फंस गई।











Click it and Unblock the Notifications