IND vs ENG: मोहम्मद सिराज ने रचा इतिहास, ओवल में किया ऐसा कमाल कि धोनी भी छूट गए पीछे!
IND vs ENG, Mohammed Siraj: इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन किया। ओवल टेस्ट में उन्होंने ऐसी गेंदबाज़ी की जिसने मैच का रुख ही पलट दिया। सिराज ने इस मुकाबले में कुल 9 विकेट चटकाए और भारत की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ओवल टेस्ट के हीरो रहे सिराज (IND vs ENG, Mohammed Siraj)
ओवल टेस्ट की पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने 86 रन देकर 4 विकेट लिए और दूसरी पारी में 104 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इस तरह उन्होंने दोनों पारियों में मिलाकर कुल 9 बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 8 विकेट लिए, जो भारत के लिए बोनस साबित हुए। इस जीत के साथ ही सिराज ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

मोहम्मद सिराज ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड
मोहम्मद सिराज अब विदेश में भारतीय खिलाड़ी के रूप में सबसे ज़्यादा टेस्ट जीतने वालों की लिस्ट में एमएस धोनी से आगे निकल गए हैं। सिराज की यह 12वीं विदेशी जीत थी, जबकि धोनी ने विदेश में 11 टेस्ट जीते थे। सिराज अब तक घरेलू मैदान के बाहर 27 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिनमें से 12 में भारत को जीत मिली, 10 में हार और 5 ड्रॉ रहे। इसी के साथ सिराज ने जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है, जिनके नाम भी विदेश में 12 टेस्ट जीत दर्ज हैं।
टॉप पर मौजूद हैं राहुल द्रविड़
अगर कुल टेस्ट जीत की बात करें तो यह सिराज की 22वीं टेस्ट जीत थी, और उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी कर ली है। विदेश में सबसे ज़्यादा टेस्ट जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी की बात करें तो इस लिस्ट में राहुल द्रविड़ सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 93 विदेशी टेस्ट में से 24 मैचों में जीत दर्ज की। विराट कोहली 68 विदेशी टेस्ट में 23 जीत के साथ दूसरे नंबर पर हैं। मोहम्मद सिराज ने ओवल टेस्ट में सिर्फ विकेट ही नहीं लिए बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपनी जगह पक्की कर ली।












Click it and Unblock the Notifications