IND vs ENG: रूट ने जमाई जड़ें, शतकीय पारी खेल इंग्लैंड को बचाया, भारत के खिलाफ रचा नया इतिहास
IND vs ENG: बैजबॉल छोड़कर पारम्परिक टेस्ट क्रिकेट खेलते ही जो रूट का बल्ला चल गया। रांची टेस्ट मैच के पहले दिन रूट ने इंग्लिश पारी को बिखरने से बचा लिया और एक बेहतरीन शतक जमाया। उनके करियर का यह 31वां टेस्ट शतक है। इंग्लैंड के 5 विकेट गिरने के बाद भी रूट डटे रहे।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की स्थिति खराब हो गई। भारत के लिए डेब्यू करने वाले आकाश दीप ने तबाही मचा दी और 3 खिलाड़ी आउट किये। आकाश ने सबसे पहले बेन डुकेट को 11 रन पर चलता किया, इसके बाद ओली पोप बिना खाता खोले आउट हो गए।

जैक क्रॉली ने टिककर बल्लेबाजी की लेकिन आकाश दीप ने उनको भी 42 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर बेयरस्टो और रूट ने स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। बेयरस्टो सेट हो गए थे और तेजी से खेल रहे थे। इस बीच अश्विन ने उनको 38 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।
बेन स्टोक्स ज्यादा देर तक नहीं टिके और जडेजा की गेंद पर 3 रन बनाकर आउट हो गए। आधी टीम 112 रन के कुल स्कोर पर आउट हो ई थी। यहाँ जो रूट और बेन फॉक्स ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी हुई। रूट अपनी फिफ्टी जड़कर टिके रहे लेकिन फॉक्स को 47 पर सिराज ने आउट कर दिया।
टॉम हार्टली भी सिराज की गेंद पर 13 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इन सबके बीच जो रूट एक छोर पर खड़े होकर स्कोर चलाते रहे। रूट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 19000 रन भी पूरे कर दिए। इस आंकड़े तक आने वाले वह चौथे सबसे तेज बल्लेबाज हैं। उन्होंने 444 पारियों का सहारा लिया। विराट कोहली ने 399, सचिन ने 432 और लारा ने 433 पारियां खेली थी। रूट ने मैथ्यू हेडन (30) को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट में 31वां सैकड़ा जमा दिया।
भारत के खिलाफ रूट का 10वां टेस्ट शतक है। वर्ल्ड के अन्य किसी भी बल्लेबाज ने पहले ऐसा नहीं किया है। स्टीव स्मिथ के नाम 9 और पोंटिंग के नाम 8 शतक है। विवियन रिचर्ड्स ने भी 8 शतक भारत के खिलाफ जड़े हैं।
इंग्लैंड का सातवाँ विकेट 245 रन पर गिर गया था। यहाँ से रूट और रॉबिन्सन ने एक अर्धशतकीय भागीदारी की। दोनों ने अंतिम गेंद तक कोई अन्य विकेट नहीं गिरने दिया। स्टम्प्स तक इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 302 रन बनाए। रूट 106 और रॉबिन्सन 31 रन बनाकर नाबाद लौटे।












Click it and Unblock the Notifications