IND vs ENG: क्या शुभमन गिल तोड़ेंगे मैनचेस्टर का मनहूस रिकॉर्ड? 89 साल से है जीत का इंतजार
IND vs ENG, Old Trafford Record: भारतीय क्रिकेट टीम 23 जुलाई 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मुकाबले में मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर उतरेगी। यह वही ऐतिहासिक मैदान है जहां भारत ने 89 साल पहले 1936 में अपना पहला टेस्ट मुकाबला खेला था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय में भारत एक भी टेस्ट मैच यहां जीत नहीं पाया है।
भारत ने अब तक यहां खेले हैं 9 मैच (IND vs ENG, Old Trafford Record)
भारत ने ओल्ड ट्रैफर्ड में अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 5 ड्रॉ रहे और 4 में हार मिली। पहली बार भारत ने यहां 1936 में इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेला था, जो ड्रॉ रहा। उस समय टीम की कप्तानी महाराज विजयनगरम ने की थी। उस मैच में मशहूर बल्लेबाज विजय मर्चेंट और मुश्ताक अली ने शानदार शतक जड़े थे, लेकिन भारत मैच जीतने में असफल रहा।

ऐसा रहा है रिकॉर्ड
भारत का अब तक का सबसे ज्यादा स्कोर ओल्ड ट्रैफर्ड में 432 रन है (साल 1990), और सबसे कम स्कोर सिर्फ 58 रन (1952) रहा है। मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने 1990 में इसी मैदान पर 179 रन की लाजवाब पारी खेली थी, जो अब तक भारतीय बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर है। वहीं दिलीप दोषी ने 1982 में 6/102 की बॉलिंग कर इस मैदान पर भारत के लिए बेस्ट गेंदबाज़ी रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
वनडे और टी20 में बेहतर प्रदर्शन
टेस्ट के मुकाबले भारत का प्रदर्शन वनडे और टी20 में थोड़ा बेहतर रहा है। वनडे में भारत ने इस मैदान पर 12 मैचों में से 6 जीते हैं और 6 हारे हैं। सबसे यादगार पारी रोहित शर्मा ने 2019 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली थी, जब उन्होंने 140 रन ठोके थे। वहीं वेंकटेश प्रसाद ने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट लेकर तहलका मचा दिया था।
टी-20 में कैसा रहा है रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में भारत ने अब तक सिर्फ 2 मैच खेले हैं, जिसमें एक में जीत और एक में हार मिली है। साल 2018 में केएल राहुल ने 101 रनों की तूफानी पारी खेली थी और कुलदीप यादव ने 5 विकेट लेकर इंग्लैंड को चौंका दिया था।
क्या इस बार बदलेगा इतिहास?
अब जब 2025 की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा, सबकी नजरें शुभमन गिल जैसे युवा बल्लेबाजों पर होंगी। क्या वह गावस्कर और धोनी जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए भारत को मैनचेस्टर में पहली जीत दिला पाएंगे?












Click it and Unblock the Notifications