IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी कौन...? श्रेयस अय्यर के बयान से मचा हंगामा, आखिर क्या है पूरा माजरा!
IND vs ENG, Vaibhav Sooryavanshi: भारत और इंग्लैंड के बीच शुरू होने जा रही टी20 सीरीज से पहले ही भारतीय खेमे में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर चल रही सोशल मीडिया हाइप पर एक ऐसा बयान दिया है। अय्यर के इस बयान से क्रिकेट फैंस के बीच नई बहस छिड़ गई है।
वैभव को लेकर क्या बोले श्रेयस अय्यर (IND vs ENG, Vaibhav Sooryavanshi)
दरअसल, पहले टी20 मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सीनियर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट विमल कुमार ने कप्तान अय्यर से सवाल किया कि हर जगह वैभव-वैभव चल रहा है। ऐसे में कप्तान और कोच के लिए फैसले लेना कितना मुश्किल होता है? इस पर श्रेयस अय्यर ने बेहद बेबाकी और सीधे अंदाज में कहा कि मैं तो सच में ऐसा कुछ भी नहीं देख रहा हूं। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। न तो मैं आपकी न्यूज फॉलो करता हूं और न ही मुझे यह पता है कि इंस्टाग्राम या सोशल मीडिया पर क्या चल रहा है। मुझे तो ऐसा कुछ सुनने में नहीं आया।

डेब्यू पर सस्पेंस बरकरार
कप्तान के इस बेपरवाह अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर फैंस मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। श्रेयस अय्यर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह साफ नहीं किया कि वैभव सूर्यवंशी को पहले टी20 मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी या नहीं। हालांकि, उन्होंने वैभव की प्रतिभा की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक शानदार खिलाड़ी हैं और जब भी उन्हें मौका मिलेगा वे बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। कप्तान ने मैच से पहले प्लेइंग इलेवन का खुलासा करने से साफ इनकार कर दिया, ताकि विरोधी टीम (इंग्लैंड) को भारतीय रणनीति और कॉम्बिनेशन का अंदाजा न लग सके।
सीनियर खिलाड़ियों का किया बचाव
टीम चयन के संतुलन पर बात करते हुए कप्तान अय्यर ने सीनियर और अनुभवी खिलाड़ियों का खुलकर बचाव किया। उन्होंने कहा कि टीम में शामिल हर खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हमारा काम हर खिलाड़ी को सुरक्षा और समर्थन देना है ताकि उनका आत्मविश्वास बना रहे। जिन खिलाड़ियों ने हमें पिछला वर्ल्ड कप जिताया है, उन्हें बैक करना बेहद जरूरी है। वे इस फॉर्मेट के मैन पिलर हैं और उन्हें बखूबी पता है कि टी20 क्रिकेट कैसे खेला जाता है।
आयरलैंड दौरे पर नहीं मिला था मौका
गौरतलब है कि युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर फैंस लगातार मांग कर रहे हैं कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाए। इससे पहले आयरलैंड दौरे पर भी उन्हें टीम में मौका नहीं मिल सका था। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है।
मैच कब और कहां देखें?
भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले इस पहले टी20 मुकाबले का सीधा प्रसारण टेलीविजन पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) के चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।














Click it and Unblock the Notifications