IND vs ENG: शतक मारने के बाद रात भर सो नहीं पाए सूर्यकुमार, बीवी ने सुनाया अजब किस्सा
नई दिल्ली, 11 जुलाई। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे और अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच में भले ही भारत को 17 रनों की शिकस्त झोलनी पड़ी लेकिन इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने शतकीय पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया। अपने खेल की वजह से ही सूर्यकुमार यादव इस वक्त सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं, लोग उनकी तारीफ करते थक नहीं रहे हैं।

सूर्यकुमार यादव रात भर जागते रहे
लेकिन जानते हैं कि जहां क्रिकेट प्रेमी सूर्यकुमार यादव के लिए देर रात जागे वहीं दूसरी ओर सूर्य खुद अपनी खुशी में इस कदर मगन थे कि उन्होंने पूरी रात मोबाइल पर अपने ही मैच की हाईलाइट्स देखने में गुजार दी। इस बात का खुलासा खुद उनकी पत्नी देविशा शेट्टी ने किया है।

बीवी ने सुनाई बीती रात की कहानी
मालूम हो कि सूर्यकुमार की बीवी ने अपने इंस्टास्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की है जिसमें उन्होंने बताया है कि 'उनके पति सूर्यकुमार अपनी शतकीय पारी का हाइलाइट्स मोबाइल पर देख रहे हैं।' देविशा की ये पोस्ट इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग जमकर इस पर कमेंट्स कर रहे हैं।

सूर्य ने 55 गेंद में 117 रनों की पारी खेली
गौरतलब है कि रविवार को नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंडिया निर्धारित ओवर में केवल 198 रन ही बना पाई। सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में 55 गेंद में 117 रनों की पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 6 छक्के शामिल हैं।

टी-20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज
आपको बता दें कि टी-20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव का ये पहला सैकड़ा था तो वहीं दूसरी ओर इंडिया की ओर से टी-20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले वो पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं । उनसे पहले भारत के कप्तान रोहित शर्मा (4), केएल राहुल (2), सुरेश रैना (1) और दीपक हुड्डा (1) क्रिकेट के सबसे छोटे फार्मेट में शतक लगा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications