IND vs ENG: रोहित शर्मा की जगह ये 3 खिलाड़ी एजबेस्टन टेस्ट में कर सकते हैं ओपनिंग
अहम मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रोहित फिलहाल आइसोलेशन में हैं और उनके एजबेस्टन टेस्ट में खेलने की संभावना न के बराबर है।
स्पोर्ट्स डेस्क: 1 जुलाई से भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन, बर्मिंघम में रिशेड्यूल टेस्ट मैच खेला जाना है। यह टेस्ट पिछले साल दोनों टीमों के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा है। कोरोना के चलते आखिरी टेस्ट को स्थगित कर दिया गया था। अब वही मुकाबला 1 जुलाई से शुरू होगा। टीम इंडिया फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे हैं। हालांकि, इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रोहित फिलहाल आइसोलेशन में हैं और उनके एजबेस्टन टेस्ट में खेलने की संभावना न के बराबर है।

हिटमैन अगर पूरी तरह से रिकवर नहीं कर पाते हैं, तो उनकी जगह उपकप्तान जसप्रीत बुमराह कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। टीम पहले से ही ओपनर केएल राहुल की इंजरी को लेकर परेशान थी, अब रोहित को कोविड होने के बाद भारतीय टीम की मुश्किलें और बढ़ गई है। अब बड़ा सवाल यह है कि इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा की जगह ओपन कौन करेगा। चलिए जानने की कोशिश करते हैं कि अगर भारतीय कप्तान मैच फिट न हो सके तो कौन से 3 खिलाड़ी उनकी जगह ओपनिंग कर सकते हैं।

हनुमा विहारी (Hanuma Vihari)
इस लिस्ट में पहला नाम हनुमा विहारी का आता है। कहने को तो भले ही विहारी मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हो, लेकिन जरूरत पड़ने पर वो पारी की शुरुआत भी कर सकते हैं। 2018 के ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर खेले गए मेलबर्न टेस्ट मैच में हनुमा विहारी ओपन करने के लिए मैदान पर आए थे। पहली पारी में उन्होंने कंगारू गेंदबाजों का डटकर सामना किया और 66 गेंदों में 8 रन बनाए। दूसरी पारी में विहारी ने 45 गेंदों पर 13 रन बनाए थे। हनुमा विहारी पारी को संभालना बखूबी जानते हैं और शुरुआती ओवर्स में इंग्लैंड के गेंदबाजों को जमकर थका सकते हैं। अभी तक भारत के लिए खेले 15 टेस्ट मैचों में उन्होंने 35.13 की औसत से कुल 808 रन बनाए हैं। इस दौरान 26 पारियों में उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक भी देखने को मिले।

चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara)
लिस्ट में दूसरा नाम टेस्ट स्पेशलिस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का आता है। पुजारा टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं और वह रोहित शर्मा की जगह एजबेस्टन टेस्ट में पारी का आगाज कर सकते हैं। 34 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी को पहले भी कई बार भारतीय टीम के लिए ओपन करते देखा गया है। बतौर ओपनर पुजारा ने सिर्फ 7 पारियों में 98.75 की बेहतरीन औसत के साथ कुल 395 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और दो अर्धशतक देखने को मिले। याद दिला दें कि साल 2015 में भी टेस्ट टीम में वापसी करते हुए पुजारा ने श्रीलंका के खिलाफ बतौर ओपनर पहली पारी में नाबाद 145 रन बनाए थे।

श्रीकर भरत (Srikar Bharat)
लिस्ट में तीसरा और आखिरी नाम विकेटकीपर बल्लेबाज श्रीकर भरत का आता है। भरत पिछले काफी समय से भारतीय टेस्ट टीम से जुड़े हुए हैं, हालांकि उनको अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू का मौका नहीं मिल सका है। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा को कोविड होने के बाद भरत को टेस्ट डेब्यू का मौका मिक सकता है। जी हां, श्रीकर भरत भी रोहित की जगह पांचवें टेस्ट में ओपनिंग कर सकते हैं। लीसेस्टशायर के खिलाफ खेले गए चार दिवसीय प्रैक्टिस मैच में भी भरत काफी शानदार लय में नजर आए थे।
पहली पारी में उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए 111 गेंदों पर 70 रन की नाबाद पारी खेली। इस पारी में उनके बल्ले से 8 चौके और एक छक्का देखने को मिला। दूसरी पारी में भी वह रोहित की जगह ओपनिंग के लिए आए और 98 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 43 रन की पारी खेली। पूरे मुकाबले में भरत के बल्ले से भारत की ओर से सबसे ज्यादा 113 रन देखने को मिले। ऐसे में श्रीकर भरत भी एक बढ़िया ऑप्शन हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications