रमीज राजा ने उठाया भारतीय टीम की तैयारियों पर सवाल, पिछले WTC Final जैसी है ये कहानी
India vs Australia: रमीज राजा ने भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियों पर सवाल उठाया है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया इस समय बैकफुट पर नजर आ रही है।

WTC Final 2023: भारतीय क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले में एक बार फिर खराब शुरुआत करते हुए कुछ सवालों को खड़ा कर दिया है। पिछले टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी कुछ ऐसी ही कहानी थी जब भारतीय खिलाड़ी आईपीएल से आए थे और वे इंग्लैंड के हालातों में तुरंत तालमेल नहीं बैठा पाए।
टीम इंडिया को न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के साउथहैंपटन में हुए मुकाबले में मात दी थी। भारतीय क्रिकेट टीम के प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए पूर्व पीसीबी चीफ रमीज राजा ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा है कि, एक टेस्ट मैच के लिए आपको एडजस्ट करना है। एक टीम जो भारतीय उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से इन ठंडी जगहों पर खेलने के लिए आती है, उनके पास 5 से 6 दिन ही एडजस्ट करने के लिए होते हैं।
ऐसे में आपने कोई प्रैक्टिस मैच भी नहीं खेला। तो मुझे यह सोच समझ में नहीं आती कि यह डब्लूटीसी फाइनल है जहां भारत को कम से कम इंटर स्क्वायड मैच तो खेलना चाहिए था। या आपने तीन-चार वनडे मैच खेले हुए हैं तो भी आप परिस्थितियों से तालमेल बैठा लेते हैं।
रमीज राजा आगे कहते हैं कि परिस्थितियां ओवरकास्ट हैं, पिच की कंडीशन एकदम अलग है। आपको एडजस्टमेंट करने होते हैं। गेंदबाजों को यहां पर लाइन और लेंथ के साथ तालमेल बैठाना होगा। आप आईपीएल में 4 ओवर फेंक कर आते हैं। यहां पर आपको 17 ओवर 1 दिन में फेंकने हैं तो शरीर को रेस्ट की जरूरत होती है।
रमीज राजा की यह बात आईपीएल के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारतीय तैयारियों पर एक सवाल जरूर खड़े करती है। टीम इंडिया यह मुकाबला ठीक से नहीं खेलती है तो निश्चित तौर पर पिछली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तरह इस बार भी आईपीएल से तुरंत टेस्ट फॉरमेट में आना भारतीय इरादों पर सवाल उठाता है।












Click it and Unblock the Notifications