IND vs AUS: विराट कोहली ने टेस्ट में भी किया शतक के इंतजार को खत्म, 3 साल बाद आई 28वीं टेस्ट सेंचुरी
अहमदाबाद टेस्ट में विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर की 28वीं सेंचुरी पूरी कर ली है। विराट कोहली के बल्ले से 3 साल बाद टेस्ट में शतक आया है। इससे पहले कोहली ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था।

अहमदाबाद में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे और आखिरी टेस्ट मैच में भारतीय खेमे से एक और शतक आ गया है। दरअसल, पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपनी 28वीं टेस्ट सेंचुरी पूरी कर ली है। कोहली ने 241 गेंदों में 5 चौके की मदद से इस शतक को पूरा किया है। आपको बता दें कि विराट के बल्ले से टेस्ट फॉर्मेट में 3 साल के बाद यह शतक आया है, इसलिए उनके लिए इस सेंचुरी की बहुत ही ज्यादा अहमियत है। विराट ने शतक पूरा करने के बाद अलग ही अंदाज में सेलिब्रेशन किया। कोहली ने अपने गले से एक रिंग निकालकर उसे चूमा।
खत्म हुआ शतक का इंताजर
बता दें कि विराट कोहली ने इससे पहले नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी टेस्ट शतक लगाया था। कोहली ने उस मैच में 139 रन की पारी खेली थी। विराट कोहली पिछले 2-3 साल से बुरे दौर से गुजर रहे थे। 2019 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके बल्ले से कोई शतक नहीं आया था, लेकिन यह सूखा खत्म हुआ सितंबर 2022 में एशिया कप के दौरान, जब कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था। इसके बाद से कोहली ने दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में शतक के सूखे को खत्म किया था।
कोहली ने की अहम साझेदारियां
विराट कोहली मैच के तीसरे दिन के आखिरी सत्र से एक छोर पर मजबूती से डटकर खड़े हुए हैं। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में सिर्फ 5 चौके लगाए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने कितनी धैर्यपूर्ण पारी खेली है। कोहली ने रविवार को रविंद्र जडेजा (28) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की थी। वहीं तीसरे विकेट के लिए उन्होंने शुभमन गिल (128) के साथ 58 रन की साझेदारी की थी। केएस भरत के साथ भी कोहली ने 84 रन की पार्टनरशिप की। केएस भरत 88 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए।












Click it and Unblock the Notifications