IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाले टॉप 5 भारतीय खिलाड़ी
IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 मुकाबले हमेशा हाई-वोल्टेज रोमांच से भरपूर होते हैं। इन मैचों में भारतीय बल्लेबाजों ने कई बार अपनी शानदार पारियों से टीम को जीत दिलाई है। हालांकि कंगारुओं की टीम ने भी भारत के सामने धमाल मचाया है। इस बार की सीरीज में युवाओं का कमाल होने की उम्मीद है।
भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का धुआं निकालने का काम किया है। सर्वाधिक रन बनाने वाले कुछ खिलाड़ी अब रिटायर हो गए हैं। टॉप पांच भारतीय बल्लेबाजों का बरे में यहां बताया गया है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाए हैं।

विराट कोहली
विराट कोहली इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 टी20 मैचों में 794 रन बनाए हैं। 49.62 की शानदार औसत और 142.54 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए कोहली ने 8 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 90* रन रहा है। लगातार प्रदर्शन करने की क्षमता ने उन्हें इस मुकाबले में भारत का सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनाया है।
रोहित शर्मा
भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 मुकाबलों में 484 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा है। 150.31 के स्ट्राइक रेट और 28.47 की औसत के साथ रोहित ने 4 अर्धशतक लगाए हैं। उनकी पावर-हिटिंग क्षमता और बड़े शॉट खेलने की आदत ने कई बार भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई है।
शिखर धवन
टीम इंडिया के बाएं हाथ के ओपनर शिखर धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 14 टी20 मैचों में 347 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 76 रन रहा है। 139.35 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए धवन ने 2 अर्धशतक लगाए हैं। धवन की आक्रामक बल्लेबाजी ने कई बार पारी की नींव मजबूत की है।
एम. एस. धोनी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 मैचों में 313 रन बनाए हैं। 39.12 की औसत और 112.18 के स्ट्राइक रेट के साथ धोनी ने मध्यक्रम में कई अहम पारियां खेली हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 48* रन रहा है। फिनिशर के रूप में धोनी की शांत बल्लेबाजी ने भारत को मुश्किल परिस्थितियों में राहत दी।
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव ने अपने छोटे टी20 करियर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक 9 मैचों में 290 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 80 रन रहा है, जबकि स्ट्राइक रेट 172.61 का रहा है। 'स्काई' की 360-डिग्री शॉट प्लेइंग क्षमता उन्हें भारत के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में शामिल करती है।












Click it and Unblock the Notifications