स्टीव स्मिथ को हार्दिक पांड्या ने 5वीं बार बनाया अपना शिकार, भारत दौरे पर टेस्ट के बाद वनडे में भी रहे फ्लॉप
तीसरे और आखिरी वनडे में भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने स्टीव स्मिथ को 0 पर ही आउट कर दिया। इस सीरीज में दूसरी बार पांड्या ने स्मिथ को आउट किया है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ का भारत दौरे पर खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को वनडे सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में स्टीव स्मिथ एकबार फिर बड़ी पारी नहीं खेल पाए और बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। स्टीव स्मिथ का विकेट एकबार फिर हार्दिक पांड्या ने लिया। पांड्या ने इस सीरीज में स्मिथ को दूसरी बार आउट किया है। विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे वनडे में स्मिथ की बल्लेबाजी ही नहीं आई थी। उससे पहले मुंबई वनडे में भी पांड्या ने ही स्मिथ को 22 रन पर आउट किया था। आपको बता दें कि स्टीव स्मिथ का अभी तक भारत दौरा पूरी तरह से निराशाजनक रहा है। इस दौरे पर स्मिथ के बल्ले से अभी तक कोई बड़ी पारी नहीं आई है।
स्मिथ को पांड्या ने 5वीं बार वनडे में किया है आउट
इससे पहले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के 4 टेस्ट मैच की 7 पारियों में स्मिथ ने सिर्फ 145 रन बनाए थे। वहीं वनडे सीरीज में स्मिथ के बल्ले से सिर्फ 22 रन निकले हैं। तीसरे वनडे में स्मिथ शून्य पर आउट हो गए। स्टीव स्मिथ का विकेट हार्दिक पांड्या ने लिया। इस सीरीज में हार्दिक ने स्मिथ को दूसरी बार आउट किया है। कुल मिलाकर उन्होंने आठवीं पारी में 5वीं बार स्मिथ को अपना शिकार बनाया है। आपको बता दें कि वनडे में स्मिथ को सर्वाधिक बार आउट करने वाले गेंदबाजों में हार्दिक पांड्या दूसरे नंबर के गेंदबाज हैं। इंग्लैंड के आदिल रशीद ने स्मिथ को सबसे ज्यादा 6 बार आउट किया है।
पांड्या के खिलाफ स्मिथ के आंकड़े
वनडे में अभी तक स्मिथ और पांड्या की बैटल के बारे में बात करें तो आंकड़े बताते हैं कि पांड्या ने स्मिथ को काफी परेशान किया है। हार्दिक पांड्या के खिलाफ स्टीव स्मिथ ने 75 गेंदें खेली हैं, जिसमें उन्होंने 72 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 100 से भी नीचे का रहा है। हार्दिक पांड्या के खिलाफ स्मिथ का औसत 14.4 का रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि स्टीव स्मिथ वनडे में पांच साल बाद डक (शून्य) पर आउट हुए हैं। इससे पहले स्मिथ 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ बिना खाता खोले आउट हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications