2151 दिनों बाद टूट गया शिवम दुबे का वर्ल्ड रिकॉर्ड, दुनिया में ऐसा कीर्तिमान बनाने वाले पहले खिलाड़ी
IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टी20 मुकाबले में भारतीय टीम की बैटिंग फिसड्डी रही। उछाल वाली पिच पर भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं पाए। सिर्फ अभिषेक शर्मा ही ऐसे खिलाड़ी रहे, जो 68 रनों का शानदार स्कोर बनाने में सफल रहे। टीम इंडिया 125 रन बनाकर आउट हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से मैच जीत लिया।
भारत की हार के साथ ही शिवम दुबे का एक अनोखा कीर्तिमान भी टूट गया। वह दुनिया में ऐसे पहले खिलाड़ी हैं, जो पिछले 37 मैचों में कोई मैच नहीं हारे। करियर के कुल 43 मैचों में आज तीसरा मैच हारा है। दो मैच वह करियर के पहले महीने में ही हारे थे, यह साल 2019 की बात है।

IND vs AUS: शिवम दुबे का कीर्तिमान टूटा
दुबे ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में अब तक कुल 43 मैच खेले हैं, और यह केवल तीसरी बार है जब उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले ऐसी स्थिति उनके करियर की शुरुआत में, नवंबर और दिसंबर 2019 में आई थी, जब भारत को क्रमशः बांग्लादेश (दिल्ली) और वेस्टइंडीज (तिरुवनंतपुरम) के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
शिवम दुबे ने 11 दिसंबर 2019 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उस मुकाबले के बाद से वह टी20 इंटरनेशनल में 2151 दिनों तक अपराजित रहे। इस दौरान दुबे ने भारत के लिए कुल 37 टी20 मुकाबले खेले, जिनमें से 34 में टीम इंडिया को जीत मिली, जबकि तीन मैच बारिश की वजह से रद्द हो गए।
टॉप चार में भारत के दो और नाम
इस ख़ास सूची में दूसरा स्थान ऐसे खिलाड़ी का नाम है, जिनको शायद कोई जानता भी नहीं होगा। युगांडा के पसक्ल मुरुंगी का दूसरा स्थान है, जिन्होंने लगातार 27 मैचों में हार का सामना नहीं किया था। तीसरे और चौथे स्थान पर फिर से भारत के ही दो प्लेयर्स हैं। जसप्रीत बुमराह ने 2021 से 2025 के बीच लगातार 24 मुकाबले जीते थे, उनके अलावा मनीष पांडे ने 2018 से लेकर 2020 के दौरान लगातार 20 मैचों में जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications