IND vs AUS: रोहित शर्मा बने छक्कों के बादशाह, कोई भी एशियाई खिलाड़ी नहीं कर सका था ऐसा, अफरीदी भी छूटे पीछे
IND vs AUS Rohit Sharma: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे वनडे में रोहित शर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए एक जबरदस्त रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भारत के लिए करो या मरो वाले इस मुकाबले में रोहित ने कमाल की बल्लेबाजी की। पहले मैच में निराशाजनक 8 रन पर आउट होने के बाद सभी की निगाहें रोहित पर थीं और उन्होंने अपने 59वें वनडे अर्धशतक के साथ फैंस को निराश नहीं किया।
रोहित शर्मा ने जड़ा अर्धशतक (IND vs AUS Rohit Sharma)
अपनी इस पारी के दौरान रोहित शर्मा ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो वनडे क्रिकेट इतिहास में किसी भी अन्य एशियाई खिलाड़ी ने आज तक नहीं किया है। SENA देशों के किंग शुरुआत में धीमी गति से खेलने के बाद रोहित ने पारी के दूसरे हाफ में शानदार गति पकड़ी। खासकर मिचेल ओवेन के एक ओवर में उन्होंने रनों की बारिश कर दी। इस ओवर में उन्होंने अपने ट्रेडमार्क पुल शॉट का इस्तेमाल करते हुए दो गगनचुंबी छक्के जड़े।

150 छक्के लगाने वाले पहले एशियाई
इन दो छक्कों के साथ रोहित शर्मा SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में 150 वनडे छक्के लगाने वाले पहले एशियाई बल्लेबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में उनसे पीछे रहने वाले अन्य एशियाई दिग्गजों का रिकॉर्ड देखें तो सनथ जयसूर्या 113 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। वहीं पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी 103 छक्कों के साथ तीसरे नंबर पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया में 1000 वनडे रन
रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलियाई धरती पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1000 वनडे रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में चार अर्धशतक और दो शतक लगाए हैं। 46 रन का आंकड़ा छूते ही रोहित ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया और वनडे क्रिकेट में तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय बन गए। अब 50 ओवर के फॉर्मेट में उनके कुल 11,249 रन हैं। अपनी ऐतिहासिक पारी के बाद रोहित शर्मा 73 रन बनाकर आउट हुए। वह मिचेल स्टार्क की गेंद को शॉर्ट थर्ड-मैन पर खड़े जोश हेजलवुड के हाथों में मार बैठे।












Click it and Unblock the Notifications