IND vs AUS: इंदौर टेस्ट के दौरान ड्रेसिंग रूम में सोता दिखा यह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, वायरल हुई फोटो
इंदौर टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पीटर हैंड्सकॉम्ब ड्रेसिंग रूम में सोते हुए दिखे। उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच का आगाज आज से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में हो गया। आज मैच का पहला दिन था। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम इंडिया पहली पारी में 109 रन पर ऑलआउट भी हो गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 4 विकेट खोकर 156 रन बना लिए हैं और भारत के स्कोर पर 47 रन की बढ़त हासिल कर ली है। मैच के पहले दिन कुल 14 विकेट गिरे। इंदौर टेस्ट में हुई इस उठापटक के बीच ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज पीटर हैंड्सकॉम्ब को इस दौरान ड्रेसिंग रूम में सोते हुए देखा गया। पीटर हैंड्सकॉम्ब कुर्सी पर बैठे-बैठे सो रहे थे।
मैच के दौरान सोते दिखे पीटर हैंड्सकॉम्ब
पीटर हैंड्सकॉम्ब की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वो एलेक्स कैरी के साथ में बैठे हैं और कुर्सी पर बैठे-बैठे ही अपनी टोपी से मुंह ढककर सो रहे हैं। यह फोटो उस वक्त की है, जब तक हैंड्सकॉम्ब बल्लेबाजी के लिए नहीं आए थे। स्टीव स्मिथ का विकेट गिरने के बाद पीटर हैंड्सकॉम्ब बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे और दिन का खेल खत्म होने तक वो 36 गेंदों में 7 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। हैंड्सकॉम्ब के साथ कैमरून ग्रीन भी 6 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
109 रन पर सिमट गई भारतीय पारी
आपको बता दें कि इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने नई गेंद का जबरदस्त फायदा उठाया। ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू कुहनेमैन ने पांच विकेट लेकर भारतीय पारी को 109 रन पर समेट दिया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब ही रही थी, क्योंकि ट्रेविस हेड दूसरे ही ओवर में आउट हो गए थे। जडेजा ने उन्हें 9 रन पर ही आउट कर दिया था। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद उस्मान ख्वाजा और मार्नस लाबुशेन ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला और अर्द्धशतकीय साझेदारी की। उनकी बल्लेबाजी के दौरान ही पीटर हैंड्सकॉम्ब को ड्रेसिंग रूम में सोते हुए देखा गया।












Click it and Unblock the Notifications