IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया के खूंखार बैटर ने दिलाई वर्ल्ड कप फाइनल की याद, भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई
India vs Australia, 1st T20I: टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई की। खास तौर पर जोश इंग्लिश एक अलग ही लय में नजर आए। जोश इंग्लिश ने अपने टी-20 करियर का पहला शतक लगाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 200 के पार पहुंचा दिया।
इंग्लिश ने जड़ा शतक: पहले टी-20 मैच को जीतने के लिए भारत के सामने 209 रनों का लक्ष्य है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 208 रन बनाए। जोश इंग्लिश ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे अधिक 110 रन बनाने का काम किया। महज 50 गेंद में जोश इंग्लिश के बल्ले से 110 रनों की पारी निकली। इस दौरान उन्होंने 8 छक्के भी लगाए।

पारी ने दिलाई फाइनल की याद: इंग्लिश की पारी को देखकर क्रिकेट फैंस को फाइनल मुकाबले की याद आ गई। दरअसल, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ट्रेविस हेड ने अकेले दम पर भारत से मैच छीनने का काम किया था। हेड की पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया छठी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने में कामयाब रही। इंग्लिश की पारी को देखकर एक बार फिर से वर्ल्ड कप फाइनल की यादें ताजा हो गई है।
महंगे रहे गेंदबाज: भारत की तरफ से सभी गेंदबाज महंगे रहे। रवि बिश्नोई भारत के सबसे महंगे गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर के अपने स्पेल में 54 रन दिए। प्रसिद्ध कृष्ण ने भी चार ओवर में 50 रन खर्च किए। इस दौरान उन्होंने कोई विकेट हासिल नहीं किया। मुकेश कुमार ने अंतिम ओवर में अच्छी बॉलिंग की। जिस कारण ऑस्ट्रेलिया की टीम 208 रन ही बना सकी।












Click it and Unblock the Notifications