अक्षर पटेल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ी बैक-टू-बैक फिफ्टी, सोशल मीडिया पर फनी मीम्स वायरल
अक्षर ने दिल्ली टेस्ट में अर्द्धशतक जड़ दिया है और अपनी टीम को मुसीबत से निकालने का काम किया है। बता दें कि यह इस सीरीज में उनकी लगातार दूसरी फिफ्टी है और करियर की तीसरा अर्द्धशतक है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल एकबार फिर टीम इंडिया के लिए संकटमोचक साबित हुए हैं। जी हां, अक्षर ने दिल्ली टेस्ट में अर्द्धशतक जड़ दिया है और अपनी टीम को मुसीबत से निकालने का काम किया है। बता दें कि यह इस सीरीज में उनकी लगातार दूसरी फिफ्टी है और करियर की तीसरा अर्द्धशतक है। नागपुर में भी उन्होंने 84 रन की पारी खेली थी और आज वो 115 गेंदों में 74 रन की पारी खेलकर आउट हुए हैं। अक्षर पटेल ने अश्विन के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी भी की।
अश्विन और अक्षर ने टीम को संकट से निकाला
अक्षर पटेल और आर अश्विन के बीच हुई शतकीय साझेदारी गेम चेंजर साबित हुई है, क्योंकि एक समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 200 के अंदर ऑलआउट हो जाएगी, लेकिन अश्विन और अक्षर ने संभलकर बल्लेबाजी की और अपनी टीम को मुसीबत से निकाला। आर अश्विन 37 रन ही महत्वपूर्ण पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें पैट कमिंस ने रैनशॉ के हाथों कैच आउट कराया। वहीं अक्षर पटेल इस मैच में फिर शतक के करीब पहुंचकर उससे दूर रह गए।
भारत 262 पर ऑलआउट
पहले अश्विन और फिर अक्षर पटेल के आउट होने के बाद पूरी टीम 262 रन पर ऑलआउट हो गई और इस तरह ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 1 रन की बढ़त मिली है। अश्विन और अक्षर के बाद शमी 2 रन बनाकर आउट हो गए। सिराज 1 रन पर नाबाद रहे। दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन केएल राहुल के रूप में भारत को पहला झटका लगा था। राहुल 17 रन का ही योगदान दे पाए थे। राहुल के बाद रोहित शर्मा 37, चेतेश्वर पुजारा 0 और श्रेयस अय्यर 4 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली ने 44 रन की पारी खेली।
अक्षर की पारी के बाद फनी मीम्स वायरल
भारतीय टॉप ऑर्डर के फेल होने के बाद अक्षर पटेल ने अश्विन के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाज संभलकर खेलते हुए दिखे, लेकिन अक्षर ने बीच-बीच में अपने हाथ खोले और अपनी पारी के दौरान तीन शानदार छक्के लगाए। अक्षर ने अपनी पारी के दौरान 9 चौके भी लगाए। अपनी इस पारी को लेकर अक्षर पटेल सोशल मीडिया पर छा गए हैं। अक्षर को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स अब टीम के बाकि खिलाड़ियों को ट्रोल कर रहे हैं। साथ ही फनी मीम्स भी वायरल हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications