IND vs AUS: मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद बोले मैथ्यू वेड, भारत में आप यॉर्कर पर भी रन बना सकते हैं
मंगलवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मोहली में खेले गए पहले टी20 मैच में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
नई दिल्ली, 21 सितंबर: मंगलवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मोहली में खेले गए पहले टी20 मैच में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन की 30 गेंदों पर 61 और मैथ्यू वेड की 21 गेंदों पर नाबाद 45 रन की पारी की बदौलत 4 गेंद शेष रहते ही मैच को जीत लिया। अंतिम ओवर्स में वेड की पारी ने ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के बाद वेड ने कहा, भारतीय कंडीशन में बल्लेबाज अच्छी गेंदों पर भी बाउंड्री लगा सकते हैं।

अच्छी गेंद पर भी बाउंड्री लगा सकते
आखिरी 4 ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 55 रनों की दरकार थी। लेकिन वेड की शानदार बल्लेबाजी के आगे भारतीय गेंदबाजों की एक ना चली। ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज वेड ने कहा, अनुभव ने उन्हें काफी समझदार बना दिया है और वह अब आक्रामक शॉट खेलने में जल्दबाजी नहीं करते। मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा, "रन रेट आपके खेलने के तरीके को निर्धारित करता है। भारत में हम जैसे मैदानों में खेलते हैं, यहां आप अच्छी गेंद पर भी बाउंड्री लगा सकते हैं। यह गेंदबाजों पर बहुत दबाव डालता है। भारत में आप यॉर्कर पर भी रन बना सकते हैं।"

हमें जीत का भरोसा था
उन्होंने कहा, "भारतीय गेंदबाजों ने मुझे कुछ यॉर्कर फेंकी और मैं उन पर बाउंड्री लगाने में सफल रहा। यह आपको क्रीज पर शांत रखता है।" वेड ने कहा कि विकेट को देखते हुए उन्हें जीत का भरोसा था। उन्होंने कहा, "जिस तरह से हमने आज खेल दिखाया और शुरुआत में तेजी से रन बनाए उसने अंत में हमें मैच जीतने के लिए हर मौका दिया। सभी खिलाड़ी जो क्रीज पर उतरे उनका इरादा वास्तव में अच्छा था, यहां तक कि इंग्लिस की पारी छोटी थी लेकिन उसने पारी की लय बनाए रखी।"

हमारी बल्लेबाजी में गहराई
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा, "यह एक अच्छा विकेट था और थोड़ी ओस थी। आउटफील्ड भी अच्छी थी। बड़े स्कोर का पीछा करने का तरीका खोजने के लिए हमारी बल्लेबाजी में बहुत गहराई है।" ग्रीन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार पारी का आगाज किया और मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने कहा, "जब भी मैं उसे खेलते हुए देखता हूं वह हर बार मुझे प्रभावित करता है। उसे कुछ साल पहले पश्चिमी आस्ट्रेलिया में देखा था। वह एक गेंदबाज था जिसने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी। वह अब जहां है उसे वहां देखकर अच्छा लगता है। कोच और कप्तान को लगता है कि टी20 क्रिकेट में पैर जमाने के लिए यह उसका सर्वश्रेष्ठ स्थान है।"












Click it and Unblock the Notifications