'दोहरा शतक भी जड़ दूं तो भी मेरे पिता खुश नहीं होंगे', पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले सूर्यवंशी का छलका दर्द
IND A vs PAK A Vaibhav Suryavanshi: एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 (ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2025) में भारत 'ए' का सामना पाकिस्तान 'ए' से होना है। इस मुकाबले का इंतजार फैंस बेसब्री के साथ कर रहे हैं। युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना चाहेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वैभव सूर्यवंशी का वीडियो वायरल (IND A vs PAK A Vaibhav Suryavanshi)
वैभव सूर्यवंशी ने बीसीसीआई (BCCI) की एक वीडियो में अपने निजी जीवन और माता-पिता के साथ अपने खास रिश्ते के बारे में बात की है। यूएई के ख़िलाफ भारत 'ए' की जीत और वैभव की 42 गेंदों पर 144 रन की तूफानी पारी के तुरंत बाद यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वैभव और उनके पिता संजीव सूर्यवंशी के बीच हुई वीडियो कॉल से पता चलता है कि इतनी बड़ी सफलता के बाद भी वैभव जमीन से जुड़े हुए हैं।

वैभव के पिता ने दी सलाह
वैभव के पिता ने मैच देखने की बात बताते हुए तारीफ की, लेकिन साथ ही तुरंत उनके खेल का विश्लेषण भी शुरू कर दिया। उन्होंने अपने बेटे को तकनीकी सलाह देते हुए कहा कि अगर तुमने वह शॉट कवर्स के ऊपर से थोड़ा और ऊंचा खेला होता, तो वह छक्का हो सकता था। वैभव ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि ठीक से कनेक्ट नहीं कर पाया, गेंद धीमी थी।
दोहरा शतक जड़ने पर भी पिता नहीं होते खुश
अपनी शानदार पारी का श्रेय लेने के बजाय वैभव ने बताया कि उनके माता-पिता उनकी परफॉर्मेंस पर अलग-अलग तरीके से प्रतिक्रिया करते हैं। उन्होंने बताया कि पापा आसानी से प्रभावित नहीं होते। अगर मैं आज 200 भी बना लेता, तो भी उन्हें लगता कि मैं और रन बना सकता था। जबकि मेरी मां की प्रतिक्रिया हमेशा अलग होती है। चाहे मैं 100 बनाऊं या 0 पर आउट हो जाऊं, वह हमेशा खुश रहती हैं और मुझे अच्छा करते रहने के लिए कहती हैं।
शतक लगाने के बाद वैभव ने कही ये बात
सिर्फ़ 32 गेंदों में शतक बनाने और अपनी पारी में 15 छक्के और 11 चौके लगाने के बावजूद वैभव अपनी सफलता को लेकर बहुत ही संतुलित दिखे। उन्होंने कहा कि मैं कुछ असाधारण करने की कोशिश नहीं करता। मैं बस अपने खेल पर विश्वास करता हूं और कड़ी मेहनत करता हूं। अगर मैं कुछ बहुत अलग करने की कोशिश करूंगा, तो इससे न तो मेरा और न ही टीम का भला होगा।












Click it and Unblock the Notifications