Ind A vs Pak A: भारत के लिए सेमीफाइनल की राह कितनी मुश्किल? पाक से मिली हार के बाद बदला समीकरण
Ind A vs Pak A Highlights: एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में इंडिया-ए टीम की सेमीफाइनल तक पहुंचने की राह अब थोड़ी मुश्किल हो गई है। टीम इंडिया ने अपने शुरुआती दो लीग मैचों में से एक में जीत और एक में हार का सामना किया है। भारतीय टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी, जब उन्होंने यूएई को 148 रनों के बड़े अंतर से हराकर दो अंक हासिल किए थे।
पाकिस्तान से मिली थी हार (Ind A vs Pak A Highlights)
लेकिन, ग्रुप स्टेज के अपने दूसरे मुकाबले में उन्हें अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ 8 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने पहले ही दो जीत दर्ज करके ग्रुप बी से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सारा दबाव इंडिया-ए पर है, जो अभी तक टॉप-4 में अपनी जगह सुनिश्चित नहीं कर पाई है।

ओमान के खिलाफ जीत दर्ज करना जरूरी
इंडिया-ए टीम का आखिरी लीग मैच 18 नवंबर को ओमान के खिलाफ खेला जाएगा। सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए भारतीय टीम को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। अगर इंडिया-ए ओमान को हरा देती है, तो वह आसानी से सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी। अगर टीम इंडिया यह मैच हार जाती है, तो उनके लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद हो सकते हैं।
भारत के अलावा इन टीमों के पास मौका
यह मुकाबला इसलिए भी अहम है क्योंकि ओमान के खाते में भी इस वक्त दो अंक हैं (उन्होंने यूएई को हराया था)। यूएई पहले ही रेस से बाहर हो चुकी है, इसलिए यह आखिरी मैच ग्रुप बी की दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला करेगा। वहीं, ग्रुप ए में भी सेमीफाइनल की दौड़ रोमांचक बनी हुई है। इस ग्रुप में बांग्लादेश-ए और अफगानिस्तान-ए टीमों ने एक-एक मुकाबला जीता है।
बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच होगी टक्कर
17 नवंबर को बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह बना लेगी। ग्रुप ए की दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला भी आखिरी लीग मैचों के नतीजों पर निर्भर करेगा। हालांकि, इंडिया-ए के लिए स्थिति साफ है। अगर उन्हें आगे बढ़ना है तो ओमान के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करनी ही होगी।












Click it and Unblock the Notifications