दासुन शनाका IPL नीलामी में सबसे महंगे बिकते, अगर यह सीरीज नीलामी से पहले होती- गौतम गंभीर
गौतम गंभीर ने कहा है कि अगर यह टी20 सीरीज आईपीएल नीलामी से पहले होती तो दासुन शनाका सबसे महंगे खिलाड़ी होते और उन्हें खरीदने के लिए सबके पास पैसे कम पड़ जाते।

भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में श्रीलंका की जीत के हीरो रहे कप्तान दासुन शनाका इंटरनेशनल क्रिकेट में एकदम से डिमाडिंग प्लेयर बन गए हैं। शनाका ने पुणे टी20 में न सिर्फ बल्ले से शानदार पारी खेली थी बल्कि मैच का आखिरी ओवर डालकर सभी को चौंका दिया था। शनाका ने पूरे मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी थी, लेकिन जब आखिरी ओवर में भारत को 21 रन चाहिए थे तो ऐसे वक्त में उन्होंने पारी का आखिरी ओवर डाला था और उस ओवर में उन्होंने 4 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे।
दासुन शनाका आईपीएल में क्यों नहीं बिके?
शनाका के इस शानदार प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर एक बहस छिड़ गई है। दरअसल, बहस इस बात को लेकर है कि ऐसे शानदार खिलाड़ी को आईपीएल मिनी ऑक्शन के दौरान किसी फ्रेंचाइजी ने क्यों नहीं खरीदा? इस बहस के बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कहा है कि भारत और श्रीलंका के बीच मौजूदा सीरीज अगर आईपीएल नीलामी से पहले होती तो दासुन शनाका हर किसी के पसंदीदा खिलाड़ी होते।
गौतम गंभीर ने क्या कहा?
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर का मानना है कि अगर मौजूदा सीरीज आईपीएल नीलामी से पहले होती तो श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका सबसे पसंदीदा खिलाड़ी होते और सभी फ्रेंचाइजी उन्हें खरीदने के लिए अपने सारे पैसे खर्च कर देती। आपको बता दें कि गौतम गंभीर से स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में पूछा गया कि अगर ऑक्शन आज हुआ होता तो वो शनाका को कितने पैसों में खरीदते? इस पर गंभीर ने जवाब देते हुए कहा कि शनाका इतने महंगे बिकते कि उन्हें खरीदने के लिए मेरे पास पैसे ही नहीं होते।
50 लाख बेस प्राइज के साथ ऑक्शन में शामिल हुए थे शनाका
गौतम गंभीर ने आगे कहा कि भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने जिस तरह की बल्लेबाजी की वो काबिलेतारीफ थी, अगर यह सीरीज ऑक्शन से पहले होती तो फिर कुछ फ्रेंचाइजी के पास इतने पैसे भी नहीं थे कि वो शनाका को खरीद पातीं क्योंकि वो काफी महंगे बिकते। आपको बता दें कि दासुन शनाका आईपीएल मिनी ऑक्शन 2022 में लिस्टेड थे, लेकिन उन्हें किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा। शनाका का बेस प्राइज 50 लाख रुपए था।












Click it and Unblock the Notifications