ICC Test Rankings: रोहित-अश्विन और जडेजा को मिला जबरदस्त फायदा, क्रिकेट से दूर फिर भी कायम है पंत का जलवा
ICC Test Rankings: भारतीय टीम ने नागपुर में ऑस्ट्रेलया के खिलाफ पहले टेस्ट में कमाल का प्रदर्शन किया था। जिसका फायदा टीम के खिलाड़ियों को पहुंचा है।

ICC Test Rankings: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन कमाल का रहा है। पहले टेस्ट में भारतीय ऑलराउंडरों ने गेंद और बल्ले दोनों से ही दमदार प्रदर्शन किया। पहली पारी में रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट लिए तो वहीं दूसरी पारी में आर अश्विन ने पांच विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी। जबकि अक्षर पटेल ने बल्ले के साथ टीम के लिए अहम रन जोड़ने का काम किया।

रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों की चांदी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में खेले गए पहले टेस्ट में भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का दबदबा देखने को मिला। पहले टेस्ट में आठ विकेट चटकाने वाले आर अश्विन को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बड़ा फायदा पहुंचा है। आईसीसी ने खिलाड़ियों के लिए नई टेस्ट रैंकिंग जारी कर दी है। इस टेस्ट रैंकिंग में भारतीय ऑलराउंडर खिलाड़ियों ने जबरदस्त रैंकिंग हासिल की है।

गेंदबाजों की रैंकिंग में अश्विन दूसरे स्थान पर
रविचंद्रन अश्विन आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में एक बार फिर टॉप की रेस में आ गए हैं। मौजूदा समय में अश्विन दूसरे स्थान पर हैं और टॉप पर मौजूद पैट कमिंस से 21 रेटिंग प्वाइंट पीछे हैं। उनके पास 2017 के बाद फिर से टेस्ट में नंबर एक गेंदबाज बनने का मौका है। रवींद्र जडेजा ने चोट के बाद वापसी करते हुए पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था। जडेजा ने सात विकेट लेने के साथ-साथ अहम 70 रन बनाए थे। टेस्ट रैंकिंग में रवींद्र जडेजा पहले भी नंबर वन ऑलराउंडर थे और अभी नंबर एक ऑलराउंडर हैं।

रोहित-पंत के लिए भी शानदार रहा है टेस्ट का सफर
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहले टेस्ट मैच में शतक लगाया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम के 177 रन पर सिमटने के बाद रोहित के 120 रन की पारी के चलते भारत को अहम बढ़त मिली थी। भारत की जीत में रोहित की इस पारी का बड़ा योगदान रहा था। अपनी इस पारी की बदौलत रोहित बल्लेबाजों की रैंकिंग में वह आठवें स्थान पर आ गए हैं। रोहित से ऊपर सातवें स्थान पर ऋषभ पंत हैं। लंबे समय से क्रिकेट से दूर रहने के बावजूद टेस्ट रैंकिंग में पंत का जलवा कायम है।












Click it and Unblock the Notifications