ICC T20I Rankings: पाकिस्तान को हराकर वर्ल्ड के नंबर-1 बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा! चक्रवर्ती ने भी किया कमाल
ICC T20I Rankings: एशिया कप में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी की ताजा टी-20 रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 907 रेटिंग हासिल करते हुए बल्लेबाजी रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। उनका यह प्रदर्शन एशिया कप में उनकी बेहतरीन फॉर्म का नतीजा है।
अभिषेक शर्मा का धमाकेदार प्रदर्शन (ICC T20I Rankings)
अभिषेक शर्मा ने एशिया कप में अपनी शानदार पारियों से सबका ध्यान खींचा है। पाकिस्तान के खिलाफ दुबई क्रिकेट स्टेडियम में उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों पर 74 रन की आक्रामक अर्धशतकीय पारी खेली, जिसने टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। अभिषेक ने पावरप्ले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विरोधी गेंदबाजों को परेशान किया है। वे अब तक 216.39 की स्ट्राइक रेट से 132 रन बना चुके हैं।

गेंदबाजों की रैंकिंग का ऐसा है हाल
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी कई खिलाड़ियों ने अपनी जगह बेहतर की है। पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद 12 पायदान की छलांग लगाकर चौथे नंबर के गेंदबाज बन गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप में उनका शानदार प्रदर्शन इस छलांग का मुख्य कारण रहा। वहीं, बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान भी टॉप 10 में वापस आ गए हैं और नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती 747 रेटिंग पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं।
इन खिलाड़ियों को भी मिला फायदा
अबरार और मुस्तफिजुर के अलावा भी कई खिलाड़ियों ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। बांग्लादेश के मेहदी हसन तीन पायदान ऊपर चढ़कर 17वें स्थान पर आ गए हैं। भारत के कुलदीप यादव और पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी ने भी दो-दो स्थानों का सुधार करते हुए क्रमशः 21वां और 25वां स्थान हासिल किया है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी बड़ा सुधार किया है। एशिया कप की तीन पारियों में छह विकेट लेने के बाद वे नौ स्थानों की छलांग लगाकर 28वें नंबर पर पहुंच गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications