ईशान किशन ने लगाई टी20 रैंकिंग में लंबी छलांग, बुमराह ने चौंकाया और अभिषेक शर्मा टॉप पर बरकरार
ICC T20 Rankings: आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपना लोहा मनवाया है। टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का सबसे बड़ा फायदा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को मिला है। ईशान ने रैंकिंग में तीन स्थानों की लंबी छलांग लगाते हुए सीधे पांचवें पायदान पर कब्जा कर लिया है।
वर्ल्ड कप के बड़े मैचों में उनके आक्रामक अंदाज और लगातार रन बनाने की क्षमता ने उन्हें टॉप-5 बल्लेबाजों की फेहरिस्त में ला खड़ा किया है। बल्लेबाजी रैंकिंग में सबसे दिलचस्प बात युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर रही। पिछले कुछ मैचों में तीन बार 'डक' (शून्य) पर आउट होने के बावजूद उनकी बादशाहत बरकरार है।

अभिषेक अभी भी पहले स्थान पर काबिज हैं, जबकि इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज फिल साल्ट दूसरे नंबर पर बने हुए हैं। वहीं टीम इंडिया के मिस्टर 360 डिग्री यानी सूर्यकुमार यादव छठे स्थान पर मौजूद हैं। हालांकि, तिलक वर्मा के लिए यह अपडेट थोड़ी निराशाजनक रही, वे तीन पायदान नीचे खिसककर अब सातवें नंबर पर आ गए हैं।
वरुण का जलवा बरकरार
गेंदबाजी की दुनिया में भी भारतीय झंडा बुलंद है। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अपनी जादुई गेंदबाजी के दम पर दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज बने हुए हैं। उनके साथ ही यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह ने भी रैंकिंग में तहलका मचा दिया है।
बुमराह ने लगाई बड़ी छलांग
बुमराह ने सात स्थानों की जबरदस्त छलांग लगाई है और अब वे दुनिया के टॉप-10 गेंदबाजों में शामिल होकर आठवें स्थान पर पहुँच गए हैं। वर्ल्ड कप में बुमराह की किफायती गेंदबाजी और विकेट चटकाने की कला ने उन्हें यह बड़ी बढ़त दिलाई है।
ज़िम्बाब्वे के कप्तान टॉप पर
उधर ऑल राउंडर प्लेयर्स की लिस्ट में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा का जलवा देखने को मिला हिया। सिकंदर रजा पहले स्थान पर हैं। टी20 विश्व कप के कारण रैंकिंग में भी दिलचस्प बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अगले सप्ताह इसमें और परिवर्तन आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications