T20 World Cup पर संकट, भारत में खेलने को तैयार नहीं बांग्लादेश! ढाका जाएगी ICC की स्पेशल टीम
T20 World Cup News Update: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में अपने मैच खेलने से साफ इनकार कर दिया है। इस गतिरोध को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अब मोर्चा संभाल लिया है।
बांग्लादेश का दौरा करेगी ICC की स्पेशल टीम (T20 World Cup News Update)
रिपोर्ट्स के अनुसार ICC के हाई कमान अगले कुछ दिनों में बांग्लादेश का दौरा करेगा ताकि आमने-सामने की बातचीत से इस मसले का हल निकाला जा सके। इस पूरे विवाद की शुरुआत मुस्तफिजुर रहमान और आईपीएल (IPL) से जुड़ी है। दरअसल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का अनुरोध किया था।

मुस्तफिजुर रहमान को लेकर मचा बवाल
इस बात से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और वहां का खेल मंत्रालय बेहद नाराज है। नाराजगी इतनी बढ़ गई है कि बांग्लादेश ने भारत में अपने निर्धारित मैच खेलने से मना कर दिया है और वेन्यू को भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग पर अड़ गया है। आईसीसी ने इससे पहले ईमेल और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए BCB को मनाने की कोशिश की थी।
आईसीसी के लिए वेन्यू बदलना नहीं मुमकिन
आईसीसी का कहना है कि टूर्नामेंट का शेड्यूल फाइनल हो चुका है और इस वक्त वेन्यू बदलना तकनीकी रूप से बेहद मुश्किल है। हालांकि, बांग्लादेश अपनी जिद पर अड़ा हुआ है। वर्चुअल बैठकों में कोई नतीजा न निकलने के कारण ही अब आईसीसी ने ढाका में 'वन-ऑन-वन' मीटिंग करने का फैसला किया है। अगर बांग्लादेश की मांग मान ली जाती है, तो कोलकाता और मुंबई में होने वाले इन मैचों को श्रीलंका या किसी अन्य देश में शिफ्ट करना पड़ सकता है, जो आयोजकों के लिए एक बड़ा सिरदर्द होगा।
बांग्लादेश को भारत में कुल चार मैच खेलने हैं
7 फरवरी: बनाम वेस्टइंडीज (कोलकाता)
9 फरवरी: बनाम इटली (कोलकाता)
14 फरवरी: बनाम इंग्लैंड (कोलकाता)
17 फरवरी: बनाम नेपाल (मुंबई)












Click it and Unblock the Notifications