Women's T20 World Cup 2025: अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान, जानें भारत को किस ग्रुप में रखा
U19 T20 World Cup 2025: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने रविवार, 18 अगस्त को आईसीसी अंडर-19 महिला T20 वर्ल्ड कप 2025 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है, जोकि मलेशिया में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 18 जनवरी से शुरू होगा और इसका फाइनल 2 फरवरी को होगा।
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग लेंगी
इस आयोजन में कुल 16 टीमें भाग लेंगी, जिन्हें चार-चार टीमों के चार ग्रुप में बांटा जाएगा। फैंस को चार स्थानों पर 16 दिनों के भीतर खेले जाने वाले 41 रोमांचक मैच देखने को मिलेंगे, जो एक एक्शन से भरपूर क्रिकेट कैलेंडर का वादा करते हैं।

13 से 16 जनवरी तक अभ्यास मैच खेले जाएंगे
प्रतियोगिता से पहले टीमों को मुख्य आयोजन की तैयारी में मदद करने के लिए 13 से 16 जनवरी तक 16 अभ्यास मैच भी खेले जाएंगे। मेजबान मलेशिया पहली बार U19 महिला T20 विश्व कप में भाग लेगी, जबकि समोआ ICC विश्व कप आयोजन में अपना पहला प्रदर्शन करेगी।
भारत को श्रीलंका के साथ ग्रुप ए में रखा गया
डिफेंडिंग चैंपियन भारत को वेस्टइंडीज, श्रीलंका और मलेशिया के साथ ग्रुप ए में रखा गया है और वह 19 जनवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। टूर्नामेंट के पहले दिन 18 जनवरी को छह मैच खेले जाएंगे, जिसमें ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, इंग्लैंड बनाम आयरलैंड और समोआ बनाम अफ्रीका क्वालीफायर मैच एक साथ खेले जाएंगे।
भारत अगर क्वालीफाई करता है तो सेमीफाइनल 2 खेलेगा प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें सुपर सिक्स स्टेज में पहुंचेंगी, जहां उन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में विभाजित किया जाएगा। ग्रुप ए और ग्रुप डी में टॉप तीन में रहने वाली टीमें एक सुपर सिक्स ग्रुप बनाएंगी, जबकि ग्रुप बी और ग्रुप सी की शीर्ष तीन टीमें दूसरा ग्रुप बनाएंगी।
टीमें ग्रुप स्टेज से अपने अंक और नेट रन रेट को सुपर सिक्स में भी आगे ले जाएंगी। प्रत्येक ग्रुप से टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। अगर भारत सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करता है, तो वे सेमीफाइनल 2 खेलेंगे। 2023 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण को फाइनल में इंग्लैंड पर सात विकेट से जीतने के बाद भारत की महिलाएं अपने खिताब का बचाव करने के लिए उत्सुक होंगी।
नॉकआउट मुकाबलों के लिए एक रिजर्व डे भी निर्धारित
सभी नॉकआउट मुकाबलों के लिए एक रिजर्व डे भी निर्धारित किया गया है, जिसमें 1 फरवरी को दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे होगा, जबकि फाइनल के लिए 3 फरवरी को रिजर्व डे होगा। पहले, थाईलैंड को मलेशिया के साथ इस आयोजन का सह-मेजबान होना था, लेकिन उनके हटने से मलेशिया इस आयोजन का एकमात्र मेजबान बन गया।
ये भी पढ़िए- Video: लेडी बुमराह की तूफानी गेंदबाजी देख घबराए बल्लेबाज! वायरल वीडियो ने मचा दिया तहलका
ICC महिला अंडर 19 विश्व कप 2025 ग्रुप
- ग्रुप ए- भारत (A1), वेस्टइंडीज (A2), श्रीलंका (A3) और मलेशिया (A4), सेलंगोर के बेयूमास ओवल में खेलेंगे।
- ग्रुप बी- इंग्लैंड (B1), पाकिस्तान (B2), आयरलैंड (B3) और यूएसए (B4) जोहोर के दातो डॉ. हरजीत सिंह जोहोर क्रिकेट अकादमी (जेसीए ओवल) में खेलेंगे।
- ग्रुप सी- न्यूजीलैंड (C1), दक्षिण अफ्रीका (C2), अफ्रीका के क्वालीफायर (C3) और समोआ (C4) और बोर्नियो क्रिकेट ग्राउंड, सरवाक में खेलेंगे।
- ग्रुप डी- ऑस्ट्रेलिया (D1), बांग्लादेश (D2), एशिया के क्वालीफायर (D3) और स्कॉटलैंड (D4) और सेलंगोर में यूकेएम वाईएसडी ओवल में खेलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications