Harmanpreet Kaur Record: हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास! वर्ल्ड कप मैच में बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड
Harmanpreet Kaur Record: इंग्लैंड के मैनचेस्टर स्थित ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर रविवार यानी 21 जून को खेले जा रहे विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक अहम मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ने इतिहास रच दिया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही हरमनप्रीत ने एक ऐसा वैश्विक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है, जिसे आज तक दुनिया का कोई भी पुरुष या महिला क्रिकेटर नहीं छू सका है। हरमनप्रीत कौर क्रिकेट इतिहास में 200 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
'मैने कभी नहीं सोचा था कि इतनी दूर आऊंगी' (Harmanpreet Kaur Record)
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टॉस के दौरान जब ब्रॉडकास्टर ने हरमनप्रीत से इस ऐतिहासिक 200वें मैच के बारे में पूछा तो उन्होंने अपनी इस सफर के लिए आभार व्यक्त किया। हरमनप्रीत ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो यह एक अद्भुत जर्नी रही है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं अपने करियर में इतनी दूर तक आ पाऊंगी। ईश्वर की मुझ पर असीम कृपा रही है और मैं उनकी, अपने परिवार, दोस्तों, बीसीसीआई (BCCI) और अपने सभी साथी खिलाड़ियों की बहुत आभारी हूं, जिन्होंने हर मोड़ पर मेरा साथ दिया।

साउथ अफ्रीका को 159 रनों का लक्ष्य
पिच को लेकर उन्होंने कहा कि ओल्ड ट्रैफर्ड की विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी है, बस बल्लेबाजों को क्रीज पर थोड़ा समय बिताने की जरूरत है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए शुरुआती ओवरों में ही भारत के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया और टीम इंडिया ने जल्दी-जल्दी कुछ विकेट गंवा दिए।
हालांकि, इस शुरुआती पतन के बाद मध्यक्रम की बल्लेबाजों ने सूझबूझ से पारी को संभाला और टीम इंडिया को मैच में वापस लेकर आईं। निर्धारित 20 ओवरों के खेल में भारतीय महिला टीम ने जुझारू प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 158 रनों का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। अब साउथ अफ्रीका की टीम को इस वर्ल्ड कप मुकाबले को जीतने के लिए 159 रन बनाने होंगे।















Click it and Unblock the Notifications