GT vs MI: तिलक वर्मा ने जड़ा मुंबई इंडियंस का सबसे तेज आईपीएल शतक, बाउंड्री से ठोक डाले 74 रन
GT vs MI: तिलक वर्मा ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने बल्ले से गदर मचा दिया और गेंदबाजों की चीखें निकाल दी। गुजरात टाइटंस के सामने बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट पर 199 रनों का स्कोर हासिल किया और तिलक वर्मा ने टीम के इतिहास में जॉइंट फास्टेस्ट शतक का रिकॉर्ड बना डाला।
तिलक वर्मा ने अपने शतक के लिए गियर बदलने का काम अशोक शर्मा के ओवर से किया। वह गुजरात के लिए 18वां डालने के लिए आए और वर्मा ने इसे निशाना बनाया। उन्होंने इस ओवर में दो चौके और तीन छक्कों से कुल 26 रन जड़कर हालात और जज्बात दोनों बदल दिए।

इससे वह अपने शतक के करीब आ गए थे। अंतिम ओवर में उनको सैकड़ा पूरा करने के लिए 20 रनों की दरकार थी और प्रसिद्ध कृष्णा को निशाना बनाते हुए यह कारनामा करते हुए इतिहास रच दिया। कृष्णा को उन्होंने दो छक्के और दो चौके जमाए। अंतिम गेंद पर चौके से उनका शतक आया।
अंतिम 23 गेंदों में मचाया तहलका
मुंबई इंडियंस के लिए यह संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक है। उनसे पहले सनथ जयसूर्या ने भी महज 45 गेंदों का सामना करते हुए सैकड़ा जमाया था। तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में 19 रन बनाए थे। इसके बाद तूफानी रूप अपनाते हुए गदर मचा दिया। अगली 23 गेंदों में उन्होंने 82 रन जड़कर तहलका मचा दिया।
तिलक वर्मा का नाम खास क्लब में शामिल
आईपीएल के इतिहास में नंबर 5 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ना किसी चमत्कार से कम नहीं होता, क्योंकि यहां बल्लेबाज के पास गेंदें कम और दबाव कहीं अधिक होता है। इस खास उपलब्धि की शुरुआत साल 2010 में यूसुफ पठान ने की थी, जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मात्र 37 गेंदों में तूफानी शतक जड़कर तहलका मचा दिया था। इसके बाद 2013 में 'किलर' डेविड मिलर ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विरुद्ध केवल 38 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाकर पंजाब को एक अविश्वसनीय जीत दिलाई थी।
साल 2017 में बेन स्टोक्स ने भी इस मुश्किल क्रम पर अपनी उपयोगिता साबित की और गुजरात लायंस के खिलाफ 103 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। इसी कड़ी में सबसे ताजा और रोमांचक नाम तिलक वर्मा का जुड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications