GT vs CSK: राशिद खान के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, बल्लेबाजों ने मारकर बनाया भूत, चेन्नई ने बनाये 230 रन
GT vs CSK: आईपीएल के इस सीजन में अपना अंतिम मुकाबला खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स ने बैटिंग में धागा खोल दिया। गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों को चेन्नई के बल्लेबाजों ने बौना साबित कर दिया। डेवाल्ड ब्रेविस ने अंतिम ओवरों में तूफानी अंदाज में बैटिंग की। राशिद खान के नाम इस सीजन का एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।
राशिद खान ने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने के मामले में शर्मनाक कीर्तिमान स्थापित कर दिया। इस मामले में वह मोहम्मद सिराज के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए हैं। राशिद खान ने इस सीजन अपनी गेंदबाजी से काफी निराश किया है।

वह अपनी गेंदबाजी में कुल 31 छक्के खा चुके हैं। सिराज ने साल 2022 में इतने ही छक्के खाए थे। दूसरे स्थान पर वनिंदु हसारंगा का नाम आता है, उन्होंने भी कुल 30 छक्के खाए थे। इस लिस्ट में युजवेंद्र चहल का नाम भी है, उनके नाम 30 छक्के और ड्वेन ब्रावो के नाम 29 छक्के हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 230 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 19 गेंदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। आयुष म्हात्रे और डेवोन कॉनवे की जोड़ी ने ओपन करते हुए बेहतरीन शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए कुल 44 रनों की भागीदारी की।
GT vs CSK: कॉनवे की फिफ्टी
म्हात्रे 17 गेंदों में 34 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन डेवोन कॉनवे ने अपनी फिफ्टी पूरी कर डाली। उनके बल्ले से 35 गेंदों में 52 रनों की धाकड़ पारी आई। उर्विल पटेल ने भी कुछ आकर्षक शॉट खेलते हुए रन गति को कम नहीं होने दिया। उन्होंने 19 गेंदों का सामना करते हुए 37 रनों की पारी खेली।
GT vs CSK: ब्रेविस का तूफान
डेवाल्ड ब्रेविस ने 23 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 छक्के और 4 चौके आए। जडेजा की बैटिंग धीमी रही, वह 18 गेंदों में 21 रन बना नाबाद रहे। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 22 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications