Flashback 2022: रोहित-कोहली नहीं इन खिलाड़ियों का रहा जलवा, बने टेस्ट-वनडे और टी-20 के नए हीरो
Flashback 2022, Indian Cricket Team: साल 2022 खत्म होने में अब महज दो दिन रह गए हैं। इस साल भारत के लिए इन खिलाड़ियों ने पूरे साल कमाल का प्रदर्शन किया है।

Flashback 2022, Indian Cricket Team: भारतीय टीम में कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली सबसे बड़े खिलाड़ी के रूप में जाने जाते हैं। पिछले कई सालों से इन दोनों ही खिलाड़ियों ने भारत के लिए कई यादगार मैच में जीत दलाने का कारनामा किया है। लेकिन साल 2022 भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों के लिए कुछ खास नहीं रहा। बड़े खिलाड़ी इस साल फॉर्म के साथ संघर्ष करते नजर आए।

युवा खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा
केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला साल 2022 में अधिकतर मुकाबलों में खामोश ही रहा है। इस साल टी-20 फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया है। वहीं वनडे में श्रेयस अय्यर ने टीम के लिए कई कमाल की पारियां खेली हैं। जबकि टेस्ट के बेस्ट खिलाड़ी बनकर ऋषभ पंत उभरे हैं। इन तीनों ही खिलाड़ियों का प्रदर्शन गजब का रहा है।

टेस्ट में पंत ने मचाया धमाल
बांग्लादेश के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने दूसरे टेस्ट मैच में जब टीम फंसी हुई थी तो 93 रनों की पारी खेलकर टीम के संकटमोचक बने। वह इस साल एक बार नहीं कई बार टीम के लिए टेस्ट में इस तरह का प्रदर्शन करते रहे हैं। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ पंत ने 89 गेंद में आतिशी शतक जड़कर टीम को मुश्किल से निकालने का काम किया था। इस साल ऋषभ पंत ने 7 मैचों में 61.81 की औसत से 680 रन बनाए हैं।

अय्यर और सूर्या ने भी किया कमाल
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खुद को साबित कर चुके श्रेयस अय्यर के लिए भी यह साल काफी अच्छा गुजरा है। खासतौर पर वनडे में श्रेयस अय्यर ने टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने का काम किया है। भारत के लिए वनडे मुकाबलों में खेलते हुए अय्यर ने 17 मैचों में कुल 724 रन बनाए हैं। वहीं सुर्यकुमार यादव ने 31 टी-20 मैचों में कुल 1164 रन बनाने में कमयाबी हासिल की है। अपनी दमदार बल्लेबाजी से सूर्यकुमार ने कई दिग्गजों को अपना फैन भी बनाने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications