Flashback 2022: इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले 3 बल्लेबाज
इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी मुकाबले देखने को मिले। बल्लेबाजों ने भी इस प्रारूप का आनन्द उठाया और रन बटोरे।

Flashback 2022: साल 2022 में टी20 क्रिकेट का बोलबाला देखने को मिला। वर्ल्ड के कारण ज्यादा सीरीज टी20 में ही देखने को मिली। भारतीय टीम के लिए एशिया कप और वर्ल्ड कप अच्छा नहीं गया लेकिन कुछ खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत प्रदर्शन में अपना डंका बजाया। टीमों के दृष्टिकोण से देखा जाए तो इंग्लैंड ने वर्ल्ड कप जीतकर इस साल सबसे बेहतरीन कार्य किया। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हराया था। इसके अलावा श्रीलंका ने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से कुछ भारतीयों के लिए यह साल अच्चा रहा। इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले तीन बल्लेबाजों का जिक्र इस लेख में किया गया है।

सूर्यकुमार यादव
साल 2022 में टी20 क्रिकेट का करीब-करीब हर रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव ने अपने नाम किया है। देखा जाए तो यह साल पूरी तरह से सूर्या के नाम ही रहा है। उनके 360 डिग्री शॉट्स ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस वर्ष सूर्यकुमार यादव ने 31 टी20 मुकाबलों में कुल 9 फिफ्टी जड़ी। हालांकि 50 से ज्यादा स्कोर उन्होंने 11 बार बनाया है लेकिन दो शतक होने के कारण अर्धशतकों की संख्या 9 रह गई। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि उन्होंने इस साल 11 बार बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। 1164 रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव ने 68 छक्के जमाए हैं। यादव ने ये रन 187 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इन आंकड़ों के कारण वह टी20 रैंकिंग में नम्बर एक पर आ गए।

मोहम्मद रिज़वान
इस लिस्ट में दूसरा नाम पाकिस्तान के मोहम्मद रिज़वान का आता है। रिज़वान ने रन तो बनाए हैं लेकिन स्ट्राइक रेट के मामले में वह काफी धीमे रहे हैं। इस साल उन्होंने 10 बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। नाबाद 88 रन उनका उच्चतम स्कोर है। रिज़वान ने 25 मुकाबले खेलते हुए कुल 996 रन जड़े। उनके स्ट्राइक रेट 123 का रहा है, जो काफी खराब कहा जा सकता है। रिज़वान को झटका सूर्यकुमार यादव ने दिया। सूर्या ने उनको नम्बर एक की कुर्सी से हटाकर खुद उसे हासिल कर लिया।

विराट कोहली
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है। कोहली ने इस साल 20 टी20 मैच खेले और 781 रन बनाए। 9 बार उन्होंने 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया। 8 फिफ्टी और एक शतक उन्होंने जड़ा। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार कोहली ने शतक जमाया। विराट कोहली ने 138 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो काफी अच्छा माना जा सकता है। टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका बल्ला जमकर गरजा था।












Click it and Unblock the Notifications