दीपक चाहर और वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस पर आई बड़ी अपडेट, जानिए कब हो जाएंगे मैच फिट
भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर (Deepak Chahar) की फिटनेस पर बड़ी अपटेड सामने आई है। चाहर को अभी भी पूरी तरह से फिट होने के लिए कम से कम 4 से 5 हफ्तों का समय और लगेगा।

नई दिल्ली: भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर (Deepak Chahar) की फिटनेस पर बड़ी अपटेड सामने आई है। चाहर को अभी भी पूरी तरह से फिट होने के लिए कम से कम 4 से 5 हफ्तों का समय और लगेगा। बता दें कि, इस साल फरवरी में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान दीपक मांसपेशियों में खिंचाव के चलते सीरीज से बाहर हो गए थे। इसके बाद बैंगलोर स्थिति नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में वह अपनी पीठ चोटिल करा बैठे थे। जिस कारण वह आईपीएल 2022 में एक भी मैच नहीं खेल सके। मेगा ऑक्शन में चाहर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ रुपए में खरीदा गया था।

इंग्लैंड सीरीज का नहीं होंगे हिस्सा
दीपक चाहर ने कहा कि वह इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले फिट नहीं हो पाएंगे। अपनी इंजरी के बारे में पीटीआई से बात करते हुए युवा तेज गेंदबाज ने कहा, ''मैं अपने रिहैब कार्यक्रम के अनुसार अभी एक बार में चार से पांच ओवर गेंदबाजी कर रहा हूं। मेरी रिकवरी काफी अच्छी चल रही है और मुझे लगता है कि अभी भी मैच फिट होने के लिए कम से कम चार से पांच हफ्तों का समय लगेगा।''
चाहर ने आगे कहा, ''जहां तक रिकवरी का सवाल है, यह कदम दर कदम प्रक्रिया है। मुझे नहीं लगता कि मैं इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए फिट हो पाऊंगा। एक बार मैं मैच फिट हो जाता हूं, तो मुझे अपनी फिटनेस जांचने के लिए क्लब स्तर के कुछ मुकाबले भी खेलने होंगे।''

वेस्टइंडीज सीरीज हो सकते हैं टीम में शामिल
हालांकि, दीपक चाहर को उम्मीद है कि वह वेस्टइंडीज दौरे से टीम का हिस्सा बन सकते हैं। दीपक चाहर ने अपने बयान में कहा, ''मैं साफ तौर पर ऐसा नहीं कह सकता, लेकिन मैं निश्चित रूप से कोशिश करूंगा कि तब तक फिट हो जाऊंगा।'' बता दें कि, भारत और वेस्टइंडीज के बीच 22 जुलाई से 7 अगस्त के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

वॉशिंगटन की फिटनेस पर भी सामने आई अपटेड
आईपीएल के 15वें सीजन में ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी चोटिल हो गए थे। सुंदर भी नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिहैब कर रहे हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने अपना नाम ना बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ''वॉशिंगटन सुंदर पूरी तरह से फिटनेस हासिल करने के करीब है और उसे लय हासिल करने के लिए मैदान में समय देना होगा, जो उसे केवल लाल गेंद के क्रिकेट में मिलेगा। वह लंकाशायर के लिए खेलने जा रहा है। इससे वह बेहतर स्थिति में रहेगा।''












Click it and Unblock the Notifications