एक और झटका… शमी के बाद अब ये तेज गेंदबाज हुआ ग्रोइंग इंजरी का शिकार, सीरीज से बाहर
नई दिल्ली, 18 सितंबर: शुक्रवार देर रात अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए। टीम इंडिया अभी तक इस झटके से उबर भी नहीं पाई थी कि एक और बुरी खबर सामने आ गई। दिलीप ट्रॉफी खेल रहे युवा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी (Navdeep Saini) ग्रोइंग इंजरी के चलते लंबे समय के लिए मैदान से बाहर हो गए हैं।

सैनी को हुई ग्रोइंग इंजरी
नवदीप सैनी दिलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मैच के दौरान नॉर्थ जोन की ओर से खेलते हुए पहले दिन के खेल में चोटिल हो गए थे। ये मैच साउथ जोन के खिलाफ खेला जा रहा है। चोटिल होने से पहले पहली पारी में उन्होंने 58 रन देकर एक विकेट चटकाया था। सेमीफाइनल से पहले ईस्ट जोन के खिलाफ भी उन्होंने मैच में 4 विकेट अपने नाम किए थे।

इंडिया ए सीरीज से भी बाहर
दिलीप ट्रॉफी के अलावा वह इंडिया ए की टीम से भी बाहर हो गए हैं। उनका चयन न्यूजीलैंड ए के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी किया गया था, लेकिन वह अब सीरीज में भी नजर नहीं आएंगे। सैनी अब जल्द ही बेंगलुरु स्थिति नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिपोर्ट करेंगे। नवदीप की जगह ऑलराउंडर ऋषि धवन को इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है।

तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं सैनी
29 वर्षीय नवदीप सैनी टीम इंडिया की ओर से तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं। अभी तक उन्होंने 2 टेस्ट मैचों में 43 की औसत से 4 विकेट, 8 वनडे मैचों में 6 विकेट और 11 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 13 विकेट हासिल किए हैं। सैनी ने अपने T20I डेब्यू पर वेस्टइंडीज के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था। 2020 में खेले गए इस मैच में उन्होंने केवल 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे।

इंडिया ए की टीम
पृथ्वी शॉ, अभिमन्यु ईश्वरन, रुतुराज गायकवाड़, राहुल त्रिपाठी, रजत पाटीदार, संजू सैमसन (कप्तान), केएस भरत (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, शबाज़ अहमद, राहुल चाहर, तिलक वर्मा, कुलदीप सेन, शार्दुल ठाकुर , उमरान मलिक, ऋषि धवन, राज अंगद बावा।












Click it and Unblock the Notifications