''गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप होने का दर्द जैसा...', वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की हार पर दिग्गज का टूटा दिल
Faf du Plessis on Indian Team: वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। भारतीय टीम ने लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी। लेकिन फाइनल मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय टीम का वर्ल्ड कप जीतने का सपना भी टूट गया। भारतीय टीम की हार से भारतीय क्रिकेट फैंस बेहद मायूस नजर आए थे।
फाफ डु प्लेसिस ने क्या कहा: भारतीय टीम के वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन पर अब दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने अपना बयान दिया है। फाफ डु प्लेसिस ने भारत के फाइनल नहीं जीतने पर निराशा जाहिर की है। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि भारतीय खिलाड़ी अभी भी इस हार के दुख में होंगे और इस गम को गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बराबर मान रहे होंगे।

गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप होने जैसा: न्यूज़ चैनल एनडीटीवी से बात करते हुए फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि यह एक बड़ी चुनौती है। मुझे याद है साल 2015 के वर्ल्ड कप के दौरान हमारी टीम ने काफी उतार-चढ़ाव देखा था। एक क्रिकेटर के रूप में हम कई बार इस तरह के अनुभव से गुजरते हैं। इस दर्द से जूझने में थोड़ा समय जरूर लगता है। यह कुछ-कुछ गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप होने जैसा है जिससे आप एकदम से बाहर नहीं आ सकते।
भारत को जीतना चाहिए था वर्ल्ड कप: प्लेसिस ने अपनी बात को आगे जारी रखते हुए कहा कि भारत में जिस तरीके से वर्ल्ड कप में प्रदर्शन किया वह शानदार था। वह जिस तरीके से बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दूसरों टीमों के खिलाफ हावी रहे, वह देखना अविश्वसनीय था। ऐसे में वह ऐसा महसूस कर रहे होंगे जैसे उनका दिल टूट गया है। यह वर्ल्ड कप भारत का था और भारत को इसे जितना चाहिए था।
साउथ अफ्रीका से होगा मुकाबला: बता दें कि भारतीय टीम 10 दिसंबर यानी कि रविवार से साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलने वाली है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के बाद भारतीय टीम वहां वनडे और टेस्ट सीरीज भी खेलेगी। साउथ अफ्रीका से पहले भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 4-1 से जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications