Fact Check: क्या विराट कोहली टेस्ट रिटायरमेंट से वापस आएंगे? BCCI ने दी बड़ी प्रतिक्रिया
Virat Kohli: भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने इसी साल टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा है। इसके बाद भारत को हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। अब विराट कोहली को फिर से टेस्ट क्रिकेट में लाने की मांग उठ रही है। सोशल मीडिया पर लोगों का मानना है कि कोहली रिटायरमेंट छोड़ वापस आ रहे हैं।
इस पर बीसीसीआई की तरफ से भी स्थिति साफ़ हो गई है। रांची में विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़कर वापसी की चर्चा को और ज्यादा हवा दे दी। उनके 52वें एकदिवसीय शतक ने फैन्स में ख़ुशी की लहर पैदा कर दी।

क्या विराट कोहली टेस्ट में आएंगे?
बीसीसीआई ने कोहली की वापसी को लेकर चल रही खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। आज तक से बातचीत करते हुए बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि विराट कोहली को लेकर जो बातें कही जा रही हैं, वे सिर्फ अफवाह हैं। इस संबंध में कोहली से कोई बातचीत नहीं हुई है। अफवाहों को महत्व न दिया जाए। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।
उधर इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने भी कोहली की वापसी की खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना था कि मैं इन खबरों पर भरोसा नहीं करता लेकिन थोड़ी भी सच्चाई है, तो इसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। टेस्ट क्रिकेट इस समय सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है, अगर खेल के सबसे बड़े स्टार इसे फिर से खेलना चाहते हैं, तो जरूर खेलना चाहिए।
कोहली का पूरा ध्यान वनडे पर
विराट कोहली का पूरा ध्यान अब एकदिवसीय क्रिकेट के ऊपर है। उनके भविष्य को लेकर अहमदबाद में मीटिंग होने की खबरें भी सामने आई हैं। एकदिवसीय वर्ल्ड कप में रोहित और कोहली के खेलने को लेकर बातचीत हो सकती है। रांची में रोहित की फिफ्टी और कोहली के शतक ने बता दिया है कि दोनों में अभी काफी दमखम बचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications