Robin Uthappa से ED की पूछताछ जारी, ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में हो रहे हैं सवाल-जवाब
Ex-Indian cricketer Robin Uthappa: पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को वन एक्स बैट (1xBet) ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुलाया था। जिसके बाद वे सोमवार को एजेंसी के सामने पेश हुए। यह मामला ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन से जुड़ा है, जहां कई लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला? (Ex-Indian cricketer Robin Uthappa)
ईडी इस मामले में वन एक्स बैट (1xBet) बेटिंग ऐप के संचालन की जांच कर रही है। यह ऐप कुराकाओ में रजिस्टर्ड है और यह दावा करता है कि वह 18 सालों से बेटिंग उद्योग में है। इसकी वेबसाइट और ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं, और ग्राहक हज़ारों खेलों पर दांव लगा सकते हैं। ईडी का मुख्य ध्यान उन मशहूर हस्तियों और खिलाड़ियों पर है, जिन्होंने इस ऐप का प्रचार किया।

कंपनी के बारे में पता कर रही है ईडी
ईडी यह जानना चाहती है कि इस कंपनी ने इन लोगों से कैसे संपर्क किया, भारत में संपर्क करने वाला मुख्य व्यक्ति कौन था, और उन्हें भुगतान किस तरह से किया गया (नकद, हवाला या बैंकिंग चैनल से)। इसके अलावा ईडी यह भी पता लगा रही है कि क्या इन हस्तियों को पता था कि भारत में ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग गैरकानूनी हैं। एजेंसी ने उनसे उनके कॉन्ट्रैक्ट और सभी संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि उन्हें मिला पैसा 'अपराध की आय' की श्रेणी में आता है या नहीं।
कई हस्तियों से हुई पूछताछ
ईडी ने इस मामले में रॉबिन उथप्पा के अलावा कई अन्य क्रिकेटरों और मशहूर हस्तियों से भी पूछताछ की है। हाल के हफ्तों में सुरेश रैना और शिखर धवन जैसे क्रिकेटरों से सवाल-जवाब किए गए हैं। इसके अलावा, टीएमसी की पूर्व सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से भी पूछताछ हुई है। इसी मामले में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और अभिनेता सोनू सूद को भी क्रमशः मंगलवार और बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications