England vs Sri Lanka: श्रीलंका 95 रनों पर आउट, इंग्लैंड ने घेरकर किया ढेर, दर्ज की धांसू जीत
England vs Sri Lanka: टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 51 रनों की बड़ी जीत दर्ज की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवरों में 146 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम महज 95 रनों पर ढेर हो गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान जोस बटलर (7) और जैकब बेथेल (3) जल्दी पवेलियन लौट गए। हालांकि, सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने एक छोर थामे रखा और श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली। साल्ट ने मात्र 40 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 62 रनों की शानदार पारी खेली। अंत में विल जैक्स (21) और जेमी ओवरटन (10*) के उपयोगी योगदान की बदौलत इंग्लैंड ने 9 विकेट पर 146 रन बनाए।

श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेलालगे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। महीश तीक्षणा और दिलशान मदुशंका को 2-2 सफलताएं मिलीं।
147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम कभी भी मुकाबले में नजर नहीं आई। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। श्रीलंका की ओर से केवल कप्तान दासुन शनाका ही कुछ संघर्ष कर सके, जिन्होंने 30 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कामिन्दु मेंडिस (13) और महीश तीक्षणा (10*) ही दहाई का आंकड़ा छू सके।
पूरी श्रीलंकाई टीम 16.4 ओवरों में मात्र 95 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए विल जैक्स ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन और आदिल राशिद को 2-2 विकेट मिले।
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सुपर आठ चरण में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच बारिश से धुला था और श्रीलंका को हार मिली है। इंग्लैंड दो अंक लेकर तालिका में टॉप टीम बन गई, उनके तीन मुकाबले अभी बाकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications