RCB की जर्सी में पहुंचे चोर, दर्जनों जेबें काटकर पार किए मोबाइल, चिन्नास्वामी स्टेडियम में लाखों की चोरी
RCB vs SRH IPL 2026: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच में जहां मैदान पर खिलाड़ी रन चेज़ कर रहे थे, वहीं स्टैंड्स में चोर फैंस के मोबाइल चेज़ कर रहे थे।
एक तरफ आरसीबी की धमाकेदार जीत का जश्न मन रहा था, तो दूसरी तरफ दर्जनों क्रिकेट प्रेमी अपने महंगे स्मार्टफोन चोरी होने के गम में डूबे थे। बेंगलुरु पुलिस के पास अब तक चोरी और गुमशुदगी की कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रिपोर्ट्स और पीड़ित फैंस के दावों के अनुसार, अकेले P3 स्टैंड से करीब 50 से 60 मोबाइल फोन चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।

एक महिला ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि उनके पति का फोन पहली पारी के ब्रेक के दौरान तब चोरी हो गया जब वह पानी लेने गए थे। जब उन्होंने आसपास पूछा, तो पता चला कि उनके जैसे दर्जनों लोग उसी समय अपने फोन की तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने कई नाबालिग किए गिरफ्तार
मामला तब और गंभीर हो गया जब स्टेडियम के बाहर कबन पार्क पुलिस स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराने वालों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्टेडियम और आसपास के इलाकों से 10 से 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हिरासत में लिए गए अधिकांश लड़के नाबालिग हैं। ये लड़के टीम की जर्सी पहने हुए थे और इनके पास मैच के कॉम्प्लीमेंट्री टिकट्स भी थे, जिससे किसी को इन पर शक न हो।
पुलिस को गिरोह पर शक
पुलिस को संदेह है कि यह कोई छिटपुट चोरी नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह का काम है। चोरों ने जानबूझकर पारी के ब्रेक और दूसरी पारी के उन पलों को चुना जब दर्शक रिफ्रेशमेंट के लिए अपनी सीटों से उठते हैं। गिरोह के सदस्य भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल पार करने में सफल रहे। पुलिस अब स्टेडियम के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications